लेबनान में इजराइल ने बढ़ाया सैन्य अभियान, ‘येलो लाइन’ के उत्तर में शुरू किए जमीनी ऑपरेशन
येरुशलम/बेरूत, 26 मई (हि.स.)। इजराइली सेना ने दक्षिणी लेबनान में अपने सैन्य अभियान का दायरा बढ़ाते हुए तथाकथित ‘येलो लाइन’ के उत्तर में जमीनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इजराइली अधिकारियों के अनुसार, इन लक्षित अभियानों का उद्देश्य सीमावर्ती इलाकों के लिए खतरा मानी जा रही हिज्बुल्लाह की ड्रोन क्षमता को कमजोर करना है।
इजराइली सैन्य अधिकारियों ने बताया कि हाल के दिनों में सीमावर्ती क्षेत्रों की ओर बढ़ी गोलीबारी और हमलों के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है। उनका कहना है कि कार्रवाई का मकसद संभावित सुरक्षा खतरों को सीमा से दूर करना है।
येलो लाइन दक्षिणी लेबनान में इजराइल द्वारा घोषित सैन्य सुरक्षा क्षेत्र की उत्तरी सीमा मानी जाती है। यह पूर्व से पश्चिम तक फैली हुई है और कुछ स्थानों पर लितानी नदी क्षेत्र से भी होकर गुजरती है। इस रेखा के दक्षिण में स्थित कई कस्बे और गांव इजराइली नियंत्रण वाले क्षेत्रों में आते हैं।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, हाल के सप्ताहों में इजराइली सेना ने अमेरिका के आग्रह पर येलो लाइन के पार बड़े स्तर पर कार्रवाई से परहेज किया था, क्योंकि अमेरिका इजराइल और लेबनान के बीच मध्यस्थता की भूमिका निभा रहा है। हालांकि अब इजराइल ने हिज्बुल्लाह के ड्रोन नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई तेज करने का फैसला किया है।
इस बीच इजराइली रक्षा बलों ने दावा किया कि बीती रात लेबनान में हिज्बुल्लाह से जुड़े 100 से अधिक ठिकानों पर हमले किए गए। साथ ही दक्षिणी लेबनान के नबातियेह क्षेत्र के निवासियों के लिए व्यापक निकासी निर्देश भी जारी किए गए हैं।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय