इजराइल ने ईरान के रेलवे लाइन और ब्रिजों पर किया हमला
- इन्फ्रास्ट्रक्चर बचाने सड़कों पर उतरे लोग
तेहरान, 07 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच ईरान में महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनाए जाने की खबरें सामने आई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजराइली एयर फोर्स ने मंगलवार को ईरान की करीब 10 अहम रेल लाइनों और पुलों पर हवाई हमले किए। इन हमलों का उद्देश्य कथित तौर पर इस्लामिक रिवोल्यूशनी गार्ड कोर (आईआरजीसी) की सैन्य गतिविधियों को बाधित करना बताया जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इन रेलवे लाइनों और पुलों का इस्तेमाल सैन्य उपकरण और हथियारों की आवाजाही के लिए किया जा रहा था। हमलों से पहले नागरिकों को ट्रेनों और इन इलाकों से दूर रहने की चेतावनी भी जारी की गई थी, जिससे संभावित जनहानि को कम किया जा सके।
इन घटनाओं के बीच ईरान के कई हिस्सों में आम लोग सड़कों पर उतर आए हैं। देश के विभिन्न शहरों में लोगों ने अहम इन्फ्रास्ट्रक्चर—खासतौर पर पुलों और पावर प्लांट्स—के बाहर मानव श्रृंखला बनाकर उन्हें बचाने की कोशिश की। यह कदम संभावित हमलों के खिलाफ एक प्रतीकात्मक विरोध और सुरक्षा प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा हाल ही में ईरान के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने की चेतावनी के बाद स्थिति और तनावपूर्ण हो गई है। उन्होंने विशेष रूप से ऊर्जा ठिकानों और पुलों पर हमले की बात कही थी, जिससे लोगों में चिंता बढ़ गई है।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय