आयरिश राष्ट्रपति ने ट्रंप से कहा- युद्ध और नरसंहार को सामान्य नहीं माना जा सकता

 

बेरूत, 12 सितंबर (हि.स.)। आयरलैंड की राष्ट्रपति कैथरीन कॉनॉली ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ मुलाकात के दौरान युद्ध और नरसंहार को सामान्य मानने की प्रवृत्ति पर कड़ा रुख जताया। उन्होंने कहा कि दुनिया में जारी हिंसा और युद्ध को सामान्य स्थिति के तौर पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।

मुलाकात के बाद जारी बयान में कॉनॉली ने कहा कि उन्होंने ट्रंप के सामने अंतरराष्ट्रीय संबंधों, संयुक्त राष्ट्र और वैश्विक शांति प्रयासों के प्रति आयरिश जनता की मजबूत प्रतिबद्धता को रखा। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में 1958 से आयरलैंड के योगदान को भी रेखांकित किया।

कॉनॉली ने कहा कि आयरलैंड ने अकाल, उपनिवेशवाद और ‘द ट्रबल्स’ के दौरान हिंसा का लंबा दौर झेला है। इन अनुभवों के साथ-साथ शांति स्थापित करने की कठिन और लंबी प्रक्रिया ने आयरिश लोगों को संघर्षों के समाधान के लिए एक विशिष्ट दृष्टिकोण दिया है।

उन्होंने ट्रंप से कहा कि आयरलैंड दुनिया के उन सभी प्रयासों का मजबूती से समर्थन करेगा, जो युद्ध और हिंसा से प्रभावित क्षेत्रों में साझा एवं टिकाऊ शांति स्थापित करने की दिशा में काम कर रहे हैं।

राष्ट्रपति ने इस दौरान शांति, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान की आवश्यकता पर भी जोर दिया। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब दुनिया के कई हिस्सों में लंबे समय से जारी संघर्षों को लेकर अंतरराष्ट्रीय समुदाय में चिंता बनी हुई है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय