नाकेबंदी के बावजूद सभी बंदरगाह चालू, अरब व हिंद महासागर में अमेरिका को रोका : ईरान
तेहरान, 28 नवंबर (हि.स.)। अमेरिका के साथ जारी सैन्य तनाव के बीच ईरान ने दावा किया है कि अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी के बावजूद उसके सभी बंदरगाह पूरी तरह से काम कर रहे हैं। ईरानी नौसेना के कमांडर रियर एडमिरल शहरम ईरानी ने कहा कि ईरानी सशस्त्र बलों ने समुद्र में दुश्मन की आगे बढ़ने की कोशिशों को नाकाम कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी सेनाओं को अरब सागर और उत्तरी हिंद महासागर में ईरान के समुद्री क्षेत्र से दूर रखा गया है।
ईरान सरकार की अंतरराष्ट्रीय समाचार नेटवर्क प्रेस टीवी तथा अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तसनीम न्यूज ने बताया कि सरकारी प्रसारक 'इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग' (आईआरआईबी) को शुक्रवार रात दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि अमेरिका की कोशिशों के बावजूद ईरान की समुद्री और आर्थिक गतिविधियां जारी हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि ईरान की समुद्री जीवन-रेखा को काटना आसान नहीं होगा।
रियर एडमिरल शहरम ईरानी ने कहा कि सामान्य तौर पर युद्ध शुरू होने से पहले दुश्मन पर दबाव बनाने के लिए नौसैनिक नाकेबंदी की जाती है। लेकिन युद्ध के दौरान इसकी घोषणा करना इस बात का संकेत है कि विरोधी अपने सैन्य उद्देश्यों को हासिल करने में विफल रहा है। उन्होंने दावा किया कि दुश्मन अपने किसी भी लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाया है और क्षेत्र में उसकी सैन्य मौजूदगी पहले की तुलना में कम हुई है।
ईरानी के मुताबिक, शुरुआत में अमेरिकी सेनाओं ने ईरान के विशेष आर्थिक क्षेत्र (ईईजेड), क्षेत्रीय जल और आंतरिक जल क्षेत्रों में प्रवेश करने की कोशिश की थी। उनका उद्देश्य ईरान के बंदरगाहों, समुद्री तटों और द्वीपों के करीब पहुंचना था।
हालांकि, ईरानी नौसेना और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की नौसेना के बीच तालमेल ने इन कोशिशों को नाकाम कर दिया।
नौसेना कमांडर ने कहा कि अमेरिकी दबाव और आर्थिक प्रतिबंधों के बावजूद ईरान के बंदरगाहों पर कामकाज सामान्य रूप से जारी है। उन्होंने कहा, ईश्वर की कृपा से, आवाजाही जारी है और आज हमारे बंदरगाह पूरी तरह से सक्रिय हैं। उन्होंने ईरानी नाविकों, शिपिंग कर्मचारियों और तेल टैंकरों के चालक दल की सराहना करते हुए कहा कि ये लोग समुद्री गतिविधियों को जारी रखने के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ईरानी नौसेना अपने नाविकों के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव समर्थन दे रही है।
शहरम ने दावा किया कि अब अमेरिका को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने के लिए अनुमति मांगने की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ईरान के सशस्त्र बल समुद्री युद्ध क्षेत्र पर अपना नियंत्रण बनाए हुए हैं और किसी भी शत्रुतापूर्ण गतिविधि का जवाब देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने यह भी बताया कि सुप्रीम कमांडर-इन-चीफ की ओर से सशस्त्र बलों को नए निर्देश जारी किए गए हैं। इन निर्देशों के अनुसार, ईरान की सैन्य कार्रवाई अब किसी निश्चित भौगोलिक क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगी। कमांडर ने चेतावनी दी कि ईरान अपनी सैन्य क्षमताओं को लगातार मजबूत करेगा और किसी भी हमले का जवाब देगा।
इंटरव्यू के दौरान ईरानी नौसेना कमांडर ने दावा किया कि युद्ध के दूसरे दिन ईरानी बलों ने अमेरिकी विमानवाहक पोत 'अब्राहम लिंकन' को निशाना बनाया था। उनके मुताबिक, इस हमले के बाद अमेरिकी पोत को घायल कर्मियों को निकालने और नुकसान की भरपाई के लिए क्षेत्रीय सहायता लेनी पड़ी। उन्होंने यह भी दावा किया कि विमानवाहक पोत के डेक से उड़ान संचालन प्रभावित हुआ था।
ईरानी ने एक अमेरिकी डिस्ट्रॉयर पर भी सीधे हमले का दावा किया। उनके अनुसार, हमले में जहाज को भारी नुकसान पहुंचा और उसे मुश्किल परिस्थितियों में वापस अमेरिका लौटना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिकी सेना ने क्षतिग्रस्त जहाजों की तस्वीरें सार्वजनिक होने से रोकने के लिए दक्षिणी हिंद महासागर से होकर वैकल्पिक समुद्री रास्ते का इस्तेमाल किया।
ईरानी नौसेना कमांडर ने बहरीन में अमेरिकी पांचवें बेड़े के सैन्य ठिकाने पर ईरान के हमले का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि इस ऑपरेशन में ईरान की सेना की सभी प्रमुख शाखाओं ने हिस्सा लिया था। इनमें नौसेना, आईआरजीसी नौसेना, वायु सेना, एयरोस्पेस फोर्स और थल सेना शामिल थीं।
उनके अनुसार, हमले में अमेरिकी सैन्य ठिकाने का कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम बुरी तरह प्रभावित हुआ था। इसके बाद अमेरिकी सेनाओं को अपने कमांड ढांचे के कुछ हिस्सों को अन्य स्थानों और नौसैनिक जहाजों पर स्थानांतरित करना पड़ा। उन्होंने कहा कि अमेरिका को उम्मीद थी कि वह युद्ध क्षेत्र के करीब रहकर पूरे सैन्य अभियान का संचालन कर सकेगा, लेकिन ईरानी हमलों ने उसकी इस क्षमता को प्रभावित किया।
ईरानी कमांडर ने 'डेना' डिस्ट्रॉयर पर मारे गए ईरानी नाविकों का बदला लेने का संकल्प भी दोहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि दुश्मन ने अंतरराष्ट्रीय नियमों और समुद्री संधियों का उल्लंघन किया है। उन्होंने कहा कि ईरान अपने सैन्य और समुद्री हितों की रक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा।
इससे पहले 27 नवंबर को नौसेना दिवस के अवसर पर ईरान के सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ प्रमुख और खतम अल-अंबिया केंद्रीय मुख्यालय के कमांडर मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही ने नौसेना के प्रतिरोध और युद्ध की तैयारियों की सराहना की थी। उन्होंने कहा कि फारस की खाड़ी और होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक शक्तियों और इजरायल के साथ रणनीतिक टकराव का प्रमुख केंद्र बन गए हैं। उन्होंने ईरानी नौसेना और आईआरजीसी नौसेना को देश की राष्ट्रीय सुरक्षा, समुद्री सीमाओं की रक्षा और ओमान सागर में ईरान के अधिकारों को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण बताया।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी