पाकिस्तान की मध्यस्थता के बाद ईरान का सख्त रुख- ‘फ्रेमवर्क तय किए बिना अमेरिका से नई वार्ता बेकार’
तेहरान, 16 अप्रैल (हि.स.)। ईरान ने अमेरिका के साथ संभावित नई वार्ता को लेकर सख्त रुख अपनाया है। पाकिस्तान के सेना प्रमुख सैयद आसिम मुनीर और उनके प्रतिनिधिमंडल के साथ तेहरान में हुई उच्चस्तरीय बातचीत के बाद ईरान ने स्पष्ट किया कि बिना स्पष्ट “फ्रेमवर्क” के आगे की बातचीत का कोई लाभ नहीं होगा।
ईरानी अधिकारियों के मुताबिक, भविष्य की किसी भी वार्ता के लिए पहले एक ठोस ढांचा तय किया जाना जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका को अपने पहले किए गए वादों को पूरा करना होगा और “अत्यधिक मांगों” से पीछे हटना होगा, तभी बातचीत आगे बढ़ सकती है।
यह बयान ऐसे समय आया है जब पाकिस्तान दोनों देशों के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाते हुए संवाद को फिर से शुरू कराने की कोशिश कर रहा है। हाल ही में इस्लामाबाद में हुई अमेरिका-ईरान वार्ता बिना किसी ठोस नतीजे के समाप्त हो गई थी, जिसके बाद नई बातचीत की संभावनाओं पर काम किया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान ने अमेरिका का संदेश तेहरान तक पहुंचाया है और संभावित दूसरे दौर की वार्ता के लिए आधार तैयार करने की कोशिश की है। हालांकि, ईरान का कहना है कि सिर्फ बातचीत शुरू करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि स्पष्ट शर्तों और पारस्परिक सहमति वाले ढांचे की आवश्यकता है।
दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर की तारीफ करते हुए कहा कि वे ईरान से जुड़े मुद्दे पर अच्छा काम कर रहे हैं। ट्रंप ने दोनों नेताओं को बेहतरीन बताते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की।
ट्रंप ने कहा कि पाकिस्तान के ईरान के साथ करीबी रिश्ते हैं, जिससे इस मुद्दे पर बातचीत आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान इस दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है और इसमें सकारात्मक प्रगति भी दिख रही है।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय