क्षेत्रीय तनाव के बीच ईरानी राष्ट्रपति ने कहा- पड़ोसियों के साथ विवाद सुलझाने को तैयार
तेहरान, 17 सितंबर (हि.स.)। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन ने कहा है कि उनका देश अपने पड़ोसी देशों के साथ बातचीत, आपसी समझ और सम्मान के जरिए मतभेदों को सुलझाने के लिए तैयार है। उन्होंने क्षेत्रीय देशों से सहयोग बढ़ाने और अस्थिरता के कारणों को कम करने का आह्वान किया।
ईरान सरकार की अंतरराष्ट्रीय समाचार नेटवर्क प्रेस टीवी
के अनुसार, इराक के पैट्रियटिक यूनियन ऑफ कुर्दिस्तान (पीयूके) के प्रमुख बाफेल तलबानी के साथ बैठक में राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन ने ईरान और इराकी कुर्दिस्तान के लोगों के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को महत्वपूर्ण बताया।
पेज़ेशकियन ने आरोप लगाया कि अमेरिका और इजराइल क्षेत्रीय देशों को कमजोर करने और उनके संसाधनों का फायदा उठाने के लिए विभाजन और संघर्ष को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों का मुकाबला करने के लिए क्षेत्र के देशों को आपसी सहयोग और संवाद बढ़ाना चाहिए।
ईरानी राष्ट्रपति ने कहा कि यदि किसी समूह की जायज मांगें हैं, तो ईरान बातचीत और आपसी सम्मान के दायरे में उन मुद्दों को सुलझाने के लिए तैयार है। साथ ही उन्होंने पड़ोसी देशों से भी अनुचित व्यवहार और अत्यधिक मांगों से बचने की अपील की।
उन्होंने मुस्लिम देशों के बीच साझा धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्रीय समस्याओं का समाधान सहयोग, बातचीत, निष्पक्षता और न्याय के जरिए किया जा सकता है।
बैठक के दौरान पेज़ेशकियन ने ईरान और इराकी कुर्दिस्तान क्षेत्र के बीच आर्थिक और राजनीतिक संबंधों को मजबूत करने पर भी जोर दिया। वहीं, बाफेल तलबानी ने ईरान को इराकी कुर्दिस्तान क्षेत्र का करीबी मित्र बताते हुए दोनों पक्षों के बीच सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।
तलबानी ने सीमा सुरक्षा को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि कुर्दिस्तान क्षेत्र से लगी ईरान की सीमा पर सुरक्षा मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ईरान और इराक के बीच हुए सुरक्षा समझौते के तहत सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय सरकार-विरोधी समूहों से निपटने और क्षेत्र में स्थिरता बढ़ाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। तलबानी के साथ एक आर्थिक टीम भी ईरान पहुंची, जिसका उद्देश्य व्यापार और आर्थिक सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा करना था।
तलबानी की ईरान के सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव मोहसेन रेज़ाई के साथ भी बैठक हुई। रेज़ाई ने सीमा सुरक्षा और आतंकवादी समूहों से निपटने को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने इराकी कुर्दिस्तान क्षेत्र में इजराइल की गतिविधियों को लेकर भी चेतावनी दी।
अमेरिका के साथ संबंधों पर रेज़ाई ने कहा कि ईरान को अमेरिका पर भरोसा नहीं है और विश्वास बहाल करने के लिए वॉशिंगटन को व्यावहारिक कदम उठाने होंगे। वहीं, तलबानी ने ईरान के साथ आर्थिक, सुरक्षा और कूटनीतिक सहयोग बढ़ाने का समर्थन किया।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी