बेरूत हमले पर ईरान का तीखा हमला, कहा- इजराइल को जवाब मिलेगा
तेहरान, 14 जून (हि.स.)। लेबनान की राजधानी बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर हुए इजराइली हवाई हमलों के बाद ईरान ने अमेरिका और इजराइल दोनों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। ईरानी नेतृत्व ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में तनाव कम करने और कूटनीतिक प्रयासों को आगे बढ़ाने के दावों के बावजूद हालिया घटनाएं अलग तस्वीर पेश करती हैं।
ईरानी संसद अध्यक्ष और प्रमुख वार्ताकार मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने कहा कि अमेरिका या तो अपने वादों को पूरा करने की इच्छाशक्ति नहीं रखता या फिर उन्हें लागू करने की क्षमता नहीं है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जारी टिप्पणी में कहा कि बेरूत के दाहियेह क्षेत्र पर हुआ हमला इस बात का संकेत है कि क्षेत्रीय स्थिरता और सुरक्षा को लेकर किए गए आश्वासनों का अपेक्षित प्रभाव दिखाई नहीं दे रहा।
गालिबाफ ने कहा कि हालिया घटनाक्रम से यह प्रश्न उठता है कि शांति और तनाव कम करने के प्रयासों में अमेरिका अपनी भूमिका कितनी प्रभावी ढंग से निभा पा रहा है। उन्होंने संकेत दिया कि ऐसे हमले क्षेत्र में चल रही कूटनीतिक प्रक्रियाओं को प्रभावित कर सकते हैं।
वहीं, ईरानी सैन्य प्रतिष्ठान से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी सरदार असदी ने भी इजराइली कार्रवाई की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि बेरूत पर हुए हमलों को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और इसके परिणामों पर उचित प्रतिक्रिया दी जाएगी। असदी के अनुसार, नागरिक क्षेत्रों और क्षेत्रीय स्थिरता को प्रभावित करने वाली कार्रवाइयों का जवाब दिया जाना आवश्यक है।
ईरान की सरकारी और अर्ध-सरकारी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, तेहरान ने इन हमलों को क्षेत्रीय शांति के लिए गंभीर चुनौती बताया है। ईरानी अधिकारियों का कहना है कि मध्य पूर्व में तनाव कम करने के लिए सभी पक्षों को संयम बरतना चाहिए और सैन्य कार्रवाइयों से बचना चाहिए।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय