ईरान को अमेरिका से कूटनीति को प्राथमिकता देने की उम्मीद : अराघची
तेहरान, 01 नवंबर (हि.स.)। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका के साथ जारी शांति वार्ता को लेकर उम्मीद जताई है कि वाशिंगटन कूटनीति को दूसरे विकल्पों पर प्राथमिकता देगा। उन्होंने कहा कि ईरान इस दिशा में प्रयास कर रहा है और उसे उम्मीद है कि दूसरी तरफ भी समझदारी दिखाई जाएगी।
अराघची ने कहा, “हम इस दिशा में अपने प्रयास कर रहे हैं और उम्मीद करते हैं कि दूसरी तरफ भी विवेकपूर्ण रुख अपनाया जाएगा तथा अन्य रास्तों के बजाय कूटनीति को प्राथमिकता दी जाएगी।”
ईरानी विदेश मंत्री ने कहा कि देश के सर्वोच्च कमांडर-इन-चीफ की ओर से वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को जारी निर्देशों ने तेहरान के संकल्प को स्पष्ट कर दिया है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान के सशस्त्र बलों को पिछले दो युद्धों के अनुभवों से काफी मजबूती मिली है और वे पहले की तुलना में कहीं अधिक सक्षम हैं। अराघची के मुताबिक, सेना को अपनी जिम्मेदारियों और मिशन का स्पष्ट पता है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय