इस्लामाबाद में पाकिस्तानी नेतृत्व से मिले ईरान के विदेश मंत्री अराघची
इस्लामाबाद, 16 नवंबर (हि.स.)। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने इस्लामाबाद में पाकिस्तान के विदेश मंत्री, प्रधानमंत्री और सेना प्रमुख से मुलाकात की। यह बैठक आर्थिक सहयोग संगठन (ईसीओ) के मंत्रिपरिषद की 30वीं बैठक से इतर हुई।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बताया कि दोनों देशों के विदेश मंत्रियों ने द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की और साझा हितों से जुड़े क्षेत्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
मंत्रालय के अनुसार, दोनों पक्षों ने पाकिस्तान और ईरान के बीच मजबूत और भाईचारे वाले संबंधों की पुष्टि की। साथ ही उच्चस्तरीय संवाद जारी रखते हुए द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
अराघची ने सोमवार शाम पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर से भी मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा के सामने मौजूद चुनौतियों तथा खतरों पर चर्चा हुई।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय