ईरान और ओमान ने होर्मुज जलडमरूमध्य के लिए अस्थायी समझौते का प्रस्ताव रखा

 


तेहरान, 25 अगस्त (हि.स.)। हॉर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री यातायात को सामान्य बनाने की दिशा में ईरान और ओमान ने संयुक्त रूप से एक अस्थायी शिपिंग कॉरिडोर स्थापित करने का प्रस्ताव रखा है। दोनों देशों के अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि प्रस्तावित व्यवस्था के तहत चरणबद्ध तरीके से सुरक्षित समुद्री मार्ग तैयार करने और जलमार्ग में मौजूद समुद्री सुरंगों को हटाने पर काम किया जाएगा।

ईरान और ओमान के विदेश मंत्रालयों की ओर से जारी बयान के अनुसार, दोनों पक्ष एक ऐसे अस्थायी नौवहन गलियारे के लिए रूपरेखा पर चर्चा कर रहे हैं, जिससे जहाजों की आवाजाही को सुरक्षित बनाया जा सके। बातचीत आगे भी जारी रहेगी और इसका उद्देश्य हॉर्मुज के लिए स्थायी शिपिंग कॉरिडोर तथा जलडमरूमध्य के भविष्य के प्रबंधन पर सहमति बनाना है।

ओमान के विदेश मंत्री बद्र बिन हमद अल बुसैदी ने ईरान का दौरा कर अपने ईरानी समकक्ष अब्बास अराघची के साथ इस मुद्दे पर बातचीत की। बैठक के बाद अल बुसैदी ने अस्थायी समुद्री गलियारे की जल्द घोषणा को लेकर उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि इसके बाद जलडमरूमध्य के दीर्घकालिक प्रबंधन और स्थायी समाधान पर काम आगे बढ़ाया जाएगा।

दोनों देशों के बीच हाल के सप्ताहों में इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग में नौवहन को स्थिर करने के लिए कई दौर की बातचीत हुई है। हॉर्मुज का मुद्दा ईरान और अमेरिका के बीच रुकी हुई वार्ताओं तथा क्षेत्रीय तनाव के बीच एक महत्वपूर्ण रणनीतिक विषय बनकर उभरा है।

इससे पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य के अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र से सभी समुद्री सुरंगों को हटा दिया गया है या उन्हें विस्फोट कर निष्क्रिय कर दिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी थी कि दोबारा सुरंगें बिछाने का प्रयास करने वाली किसी भी नौका को नष्ट कर दिया जाएगा।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय