बैंकॉक से काठमांडू पहुंचे भारतीय यात्री 2.8 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार

 


काठमांडू, 05 जुलाई (हि.स.)। थाईलैंड से काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर रविवार सुबह पहुंचे एक भारतीय यात्री के पास से 2.8 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है। इसके बाद नेपाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर नेपाल पुलिस के मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो की शाखा ने सामान की जांच के दौरान चॉकलेट के पैकेट के अंदर छिपाकर रखा गया 2 किलो 800 ग्राम थाईलैंड का गांजा बरामद किया गया। इसके बाद पश्चिम बंगाल के कोलकाता निवासी 57 वर्षीय हरि क्षेत्री को गिरफ्तार किया है।

मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो के प्रवक्ता पुलिस अधीक्षक दुर्गाराज रेग्मी के अनुसार हरि क्षेत्री थाई एयरवेज की उड़ान संख्या टीजी-309 से थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक से नेपाल पहुंचे थे। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बरामद गांजा को थाईलैंड से नेपाल के रास्ते भारत के कोलकाता ले जाया जा रहा था। पुलिस ने उसका पासपोर्ट और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो ने बताया कि हरि क्षेत्री के खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी के मामले में आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास