बैंकॉक में भारतीय समुदाय ने मनाई भव्य दिवाली, भारत-थाईलैंड मैत्री को मिला नया आयाम
बैंकॉक, 04 नवंबर (हि.स.)। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में भारतीय समुदाय ने भव्य समारोह आयोजित कर दिवाली का पर्व मनाया। इसमें थाई सरकार के अधिकारियों, विभिन्न देशों के राजनयिकों, आध्यात्मिक गुरुओं, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और भारतीय प्रवासियों ने भाग लिया। फेयरमोंट बैंकॉक सुखुमवित में आयोजित ‘ग्रैंड दिवाली सेलिब्रेशन एंड वेलकम रिसेप्शन 2026’ के जरिए भारत और थाईलैंड के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव तथा आपसी मित्रता को रेखांकित किया गया।
‘सामूहिक शक्ति, साझा दृष्टि’ (कलेक्टिव स्ट्रेंथ, शेयर्ड विजन) की थीम पर आयोजित इस समारोह का उद्देश्य थाईलैंड में रह रहे भारतीय समुदाय को एक मंच पर लाने के साथ थाई समाज और अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ उसके संबंधों को मजबूत करना था।
कार्यक्रम में थाईलैंड के धार्मिक मामलों के महानिदेशक जेट्सादा चीवाचावानकुल, संस्कृति मंत्रालय की सहायक स्थायी सचिव उरुसाया इंत्रासुक्सरी, भारत के राजदूत पुनीत अग्रवाल और मालदीव के राजदूत फुवाद थोफीक सहित कई विशिष्ट अतिथि शामिल हुए। प्रयागराज-लखनऊ स्थित श्री तीर्थराज आध्यात्मपीठ ट्रस्ट के अध्यक्ष स्वामी श्री अभिराम आचार्य जी महाराज और ट्रेंड मार्बल एंड डिजाइन कंपनी की अध्यक्ष एवं सीईओ जूलिंग पात्रा चिराथिवात भी मौजूद रहीं।
स्वीडन, रूस, वियतनाम, मलेशिया, फिलीपींस, ब्रुनेई, श्रीलंका, लाओस और केन्या के राजनयिक प्रतिनिधियों तथा अंतरराष्ट्रीय मेहमानों की भागीदारी ने समारोह को व्यापक स्वरूप दिया।
दीप प्रज्ज्वलन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इसके बाद संगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मनोरंजक कार्यक्रमों ने उत्सव का माहौल बनाया। प्रसिद्ध कलाकार पायल वखारिया की लाइव संगीत प्रस्तुति समारोह का विशेष आकर्षण रही। इस अवसर पर भारतीय समुदाय के विकास और थाई समाज के साथ उसके जुड़ाव को मजबूत करने में योगदान देने वाले संगठनों, कारोबारियों, प्रायोजकों और लोगों को भी सम्मानित किया गया।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय