अमेरिका ने हम पर हमला किया ताे दिल्ली पर गिराएंगे बम, पाकिस्तान के पूर्व राजनयिक की गीदड़भभकी
इस्लामाबाद, 22 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में करीब तीन हफ्ताें से जारी संकट के बीच पाकिस्तान के पूर्व राजनयिक अब्दुल बासित ने गीदड़भभकी देते हुए कहा है कि भविष्य में कभी अमेरिका ने अगर पाकिस्तान पर हमला किया तो हम भारत की तरफ मिसाइलें दागेंगे, चाहे वह मुंबई हो या नई दिल्ली।
पाकिस्तानी टीवी चैनल एबीएन न्यूज पर पाकिस्तान के पूर्व राजनयिक अब्दुल बासित ने कहा कि `भविष्य में कभी अमेरिका अगर पाकिस्तान पर हमला करता है तो हम भारत की तरफ मिसाइलें दागेंगे, चाहे वह मुंबई हो या नई दिल्ली क्योंकि उनकी मिसाइलों की रेंज अमेरिका या इजरायल तक नहीं पहुंच सकती है या निशाना नहीं बना सकती हैं।' उन्होंने कहा कि उनकी तो यही इच्छा है कि पाकिस्तान के पास इंटर-कॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइलें हों लेकिन फिलहाल हमारे लिए खतरा सिर्फ भारत ही है।
बासित की यह टिप्पणी तब आई है जब अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने इस्लामाबाद को चीन जैसी बड़ी ताकतों के साथ रखते हुए अमेरिका के लिए बड़ा परमाणु खतरा बताया है। अमेरिकी खुफिया प्रमुख तुलसी गबार्ड ने अमेरिकी खुफिया समुदाय की 2026 की 'वार्षिक खतरा आकलन रिपोर्ट' पेश की है। जिसमें पाकिस्तान के लंबी दूरी की 'बैलिस्टिक मिसाइल' कार्यक्रम को अमेरिका के लिए खतरा बताया गया है। इसके साथ ही 'वैश्विक आतंकवाद सूचकांक' (जीटीआई) 2026 के अनुसार, यह देश 8.57 के स्कोर के साथ दुनिया भर में आतंकवाद से सबसे ज़्यादा प्रभावित देश है। इस रिपोर्ट में हिंसा की घटनाओं में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
तुलसी गबार्ड की तरफ से जताई गई चिंताओं को लेकर बासित ने एक अन्य बयान में कहा कि `तुलसी गबार्ड के इन दिनों अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अच्छे संबंध नहीं हैं। इसकी वजह उनके वे बयान हैं जिनमें उन्होंने कहा था कि अमेरिका को ईरान के परमाणु कार्यक्रम से कोई तत्काल खतरा नहीं है। इसलिए, ट्रंप के गबार्ड के साथ रिश्ते उतने अच्छे नहीं हैं। वह पहले डेमोक्रेट थीं और हाल ही में रिपब्लिकन बनी हैं।'
ये वही अब्दुल बासित हैं जिन्होंने साल 2014 से 2017 तक भारत में पाकिस्तान के हाई कमिश्नर के तौर पर काम किया। उन्होंने 1982 में पाकिस्तान की विदेश सेवा में कदम रखा था और दुनिया के कई देशों में पाकिस्तानी दूतावासों में बड़े पदों पर काम किया है। भारत आने से पहले बासित मई 2012 से मार्च 2014 तक जर्मनी में पाकिस्तान के राजदूत रह चुके थे। साल 2014 में उन्हें भारत भेजा गया, जहां उन्होंने तीन साल का कार्यकाल पूरा किया।---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी