लेबनान में फ्रांसीसी यूएन शांति सैनिकों पर हमले की भारत ने की कड़ी निंदा

 


नई दिल्ली, 18 अप्रैल (हि.स.)। लेबनान में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के तहत तैनात फ्रांसीसी सैनिकों पर हुए हमले की भारत ने कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने शनिवार को जारी बयान में इस हमले को बेहद गंभीर बताते हुए दोषियों की तत्काल पहचान और सख्त कार्रवाई की मांग की।

विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि दक्षिणी लेबनान में तैनात संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल के तहत कार्यरत फ्रांसीसी शांति सैनिकों पर हुए हमले की भारत कड़े शब्दों में निंदा करता है। भारत ने हमले में मारे गए सैनिक को श्रद्धांजलि अर्पित की और घायल तीन अन्य सैनिकों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने भी हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि एक सैनिक की मौत हुई है, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि घायलों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर इलाज कराया जा रहा है।

भारत ने इस संदर्भ में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 2589 का भी उल्लेख किया, जिसे भारत ने आगे बढ़ाया था। इस प्रस्ताव का उद्देश्य शांति सैनिकों के खिलाफ अपराधों में जवाबदेही सुनिश्चित करना है। भारत ने लेबनान सरकार से इस हमले की जल्द जांच कराने और जिम्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे में लाने का आग्रह किया है।

भारत ने सभी पक्षों से अपील की है कि वे संयुक्त राष्ट्र के परिसरों और कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय