आईडीएफ का दावा, गाजा हमले में अस्पताल के पास छिपे हमास कमांडर की मौत

 

यरुशलम/गाजा, 29 अगस्त (हि.स.)। इजराइली सेना ने मध्य गाजा में एक हवाई हमले में हमास के एक कमांडर को मार गिराने का दावा किया है। इजराइल रक्षा बल (आईडीएफ) के अनुसार, यह कार्रवाई दीर अल-बलाह इलाके में की गई, जहां संबंधित कमांडर कथित तौर पर शुहादा अल-अक्सा अस्पताल के नजदीक छिपा हुआ था।

आईडीएफ ने दावा किया कि मारा गया कमांडर इजराइली सैनिकों और नागरिकों के खिलाफ हमलों की योजना बनाने में शामिल था। सेना के मुताबिक, वह हमास की क्षमताओं को दोबारा मजबूत करने की कोशिश कर रहा था और कथित तौर पर युद्धविराम का भी उल्लंघन कर रहा था।

इजराइली सेना ने कहा कि हमले से पहले आसपास मौजूद आम नागरिकों को नुकसान से बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए। सेना ने आरोप लगाया कि हमास अपने लड़ाकों और गतिविधियों को छिपाने के लिए मानवीय और चिकित्सा ढांचे का इस्तेमाल करता है।

आईडीएफ के अनुसार, कार्रवाई का उद्देश्य उस खतरे को खत्म करना था, जो कथित तौर पर इजराइली सुरक्षा बलों और नागरिकों के लिए पैदा हो रहा था। हालांकि, इस दावे और हमले में हुई संभावित नागरिक क्षति को लेकर स्वतंत्र पुष्टि तत्काल उपलब्ध नहीं हो सकी है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय