हाउस में डेमोक्रेटिक नेता ने 'अमेरिका की जीत' का ऐलान किया, व्हाइट हाउस ने कहा, ऐसा हुआ तो बहुत पछतावा करेंगे मतदाता
न्यूयॉर्क/वाशिंगटन (अमेरिका), 04 नवंबर (हि.स./रिया नोवोस्ती)। अमेरिकी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में डेमोक्रेटिक अल्पमत के नेता हकीम जेफरीज ने 'अमेरिका की जीत' का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद आए अनुमानों से पता चलता है कि कांग्रेस के निचले सदन पर डेमोक्रेट्स का नियंत्रण हो जाएगा। हाउस में डेमोक्रेट्स के नियंत्रण की खबरों के बीच व्हाइट हाउस ने कहा कि ऐसा हुआ तो डेमोक्रेट्स को वोट देने वाले मतदाता पछतावा करेंगे।
जेफरीज ने एक्स पर कहा, अमेरिका की जीत! विश्लेषणात्मक सेवा 'डिसीजन डेस्क एचक्यू' और ब्रॉडकास्टर सीएनएन व एनबीसी के अनुमानों के अनुसार, कांग्रेस चुनावों के नतीजों के आधार पर अमेरिकी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स पर डेमोक्रेट्स का नियंत्रण हो जाएगा। फिलहाल, दोनों सदनों में रिपब्लिकन पार्टी के पास मामूली बहुमत है। हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में रिपब्लिकन के पास 218 सीटें हैं, जबकि डेमोक्रेट्स के पास 214 सीटें हैं। वहीं सीनेट में रिपब्लिकन के पास 53 सीटें हैं और डेमोक्रेट्स के पास 47 सीटें हैं।
इस बीच व्हाइट हाउस ने बताया कि जिन अमेरिकियों ने डेमोक्रेट्स को वोट दिया है, उन्हें अपने इस फैसले पर पछतावा होगा। ऐसा तब होगा जब ईरान के साथ चल रहा विवाद सुलझ जाएगा और पेट्रोल की कीमतें कम हो जाएंगी, लेकिन उनके पास अभी भी कट्टर उदारवादी डेमोक्रेट्स की सूची ही रह जाएगी। प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया, आज जिन लोगों ने डेमोक्रेट्स को वोट दिया है, उन्हें बाद में बहुत पछतावा होगा। जब ईरान विवाद सुलझने के बाद पेट्रोल की कीमतें तेजी से नीचे आएंगी, तब उन्हें एहसास होगा कि वे कट्टर उदारवादी डेमोक्रेट्स के साथ फंस गए हैं।
यह टिप्पणी अमेरिकी विश्लेषक फर्म 'डिसीजन डेस्क एचक्यू' के उस अनुमान के बीच आई है, जिसमें कहा गया है कि अमेरिकी प्रतिनिधि सभा पर डेमोक्रेट्स का नियंत्रण हो जाएगा। तीन नवंबर को संयुक्त राज्य अमेरिका में मध्यावधि कांग्रेसनल चुनाव हुए, जिसमें अमेरिकियों ने प्रतिनिधि सभा के सभी 435 सदस्यों और 35 सीनेटरों के लिए वोट डाला।
इस बीच, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के एक प्रतिनिधि ने संकेत दिया है कि अमेरिकी कांग्रेसनल चुनाव के शुरुआती नतीजों के बाद भी व्हाइट हाउस का रुख अडिग (यानी हार न मानने वाला) बना हुआ है। इससे पहले बुधवार को अमेरिकी विश्लेषक सेवा 'डिसीजन डेस्क एचक्यू' ने कहा था कि शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, इस बात की 84% संभावना है कि अमेरिकी प्रतिनिधि सभा का नियंत्रण रिपब्लिकन के हाथों से निकलकर डेमोक्रेट्स के पास चला जाएगा। डेमोक्रेट्स की जीत के अनुमान के बीच, व्हाइट हाउस के भीतर के माहौल को लेकर एजेंसी के एक सवाल के जवाब में अधिकारी ने कहा, व्हाइट हाउस का रुख अडिग है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद