होर्मुज जलडमरूमध्य पर अमेरिका का 100% नियंत्रणः डोनाल्ड ट्रंप

 




वाशिंगटन, 11 अगस्त (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य पर इस समय सिर्फ अमेरिकी नौसेना का नियंत्रण है। उन्होंने व्हाइट हाउस में एक कार्यक्रम के दौरान कहा, अभी होर्मुज जलडमरूमध्य पर केवल अमेरिकी नौसेना का नियंत्रण है। हमारी नाकाबंदी अचूक है। यह फौलाद की दीवार की तरह है। इस जलडमरूमध्य पर हमारा 100% (100 प्रतिशत) नियंत्रण है।

गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति ने कहा, ईरान लड़ाई में पूरी तरह कंगाल हो चुका है। वह सैनिकों को वेतन नहीं दे पा रहा। वहां महंगाई दर 300% है। अमेरिका ने जलडमरूमध्य से बारूदी सुरंगों को हटा दिया है। यह जलडमरूमध्य अब गैरईरानी जहाजों के लिए खुला है। नाकाबंदी के तहत जहाजों को ईरानी बंदरगाहों में प्रवेश करने की अनुमति नहीं है।अन्य शिपिंग जारी है।

महत्वपूर्ण है कि अमेरिकी नाकाबंदी पहली बार अप्रैल 2026 में लागू की गई थी। जून के मध्य में एक अंतरिम समझौते के तहत इसे अस्थायी रूप से हटा लिया गया। जहाजों पर हमलों के बाद जुलाई के मध्य में इसे फिर से लागू कर दिया गया है। इस बीच अमेरिकी मध्य कमान ने इस क्षेत्र में 20 से अधिक युद्धपोतों को तैनात करने और अगस्त की शुरुआत तक दर्जनों वाणिज्यिक जहाजों (हाल के आंकड़ों के अनुसार लगभग 55) का मार्ग बदलने की सूचना दी है।

कमान ने कहा होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए एक महत्वपूर्ण और संवेदनशील मार्ग बना हुआ है। ट्रंप की ताजा टिप्पणी ईरानी बंदरगाहों और तटीय क्षेत्रों से आने-जाने वाले समुद्री यातायात को लक्षित करने वाली अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी के बीच आई है। ईरान ने इस जलमार्ग पर नियंत्रण को चुनौती दी है और इसे पूरी तरह से फिर से खोलने की शर्त रखी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद