बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता, कट्टरपंथी गतिविधियों पर उठे सवाल

 

ढाका, 09 जून (हि.स.)। बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा और धार्मिक संस्थानों पर बढ़ते दबाव को लेकर चिंताएं तेज हो गई हैं। विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय कट्टरपंथी समूहों की गतिविधियों और सांप्रदायिक तनाव की घटनाओं ने अल्पसंख्यक समुदाय के बीच असुरक्षा की भावना को बढ़ाया है।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, गाइबांधा जिला के पलाशबाड़ी उपजिला स्थित एक प्रमुख हिंदू धार्मिक स्थल को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। कुछ कट्टरपंथी संगठनों द्वारा इस स्थल को हटाने की मांग किए जाने के बाद मामला राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है।

बांग्लादेशी समाचार पत्र 'ब्लीट्ज' के संपादक सलाहुद्दीन शोएब चौधरी ने चेतावनी दी है कि यदि धार्मिक घृणा फैलाने वाले तत्वों और सांप्रदायिक उकसावे के खिलाफ समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो देश में सामाजिक तनाव और बढ़ सकता है। उन्होंने सरकार से सभी धार्मिक समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा हिंसा भड़काने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाने की अपील की।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि हाल के महीनों में सोशल मीडिया और ऑनलाइन मंचों पर हिंदू धार्मिक संस्थानों को लेकर भ्रामक और विवादास्पद दावे प्रसारित किए गए हैं। इन दावों ने स्थानीय स्तर पर तनाव बढ़ाने में भूमिका निभाई है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय