ग्रीस में आग बुझाने के दौरान दो हेलीकॉप्टर टकराए, दो क्रू सदस्यों की मौत

 


एथेंस, 03 अगस्त (हि.स.)। ग्रीस में जंगल की आग पर काबू पाने के अभियान के दौरान दो हेलीकॉप्टर हवा में ही आपस में टकरा गए, जिससे चालक दल के दो सदस्यों की मौत हो गई। हादसे में मारे गए लोगों में एक ग्रीक कोऑर्डिनेटर और एक डेनिश पायलट शामिल हैं।

फ्रांस के टेलीविज़न नेटवर्क फ्रांस 24

तथा रूस के टेलीविजन नेटवर्क रशिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक दोनों हेलीकॉप्टर शुक्रवार से फैली एक बड़ी जंगल की आग को नियंत्रित करने के अभियान में लगे थे। टक्कर के बाद एक हेलीकॉप्टर आग की चपेट में आकर जमीन पर गिर गया, जबकि दूसरे हेलीकॉप्टर के क्रू सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया। हादसे की वजह की जांच शुरू कर दी गई है।

दोनों हेलीकॉप्टर ऑस्ट्रेलियाई एरियल फायरफाइटिंग कंपनी मैकडरमॉट एविएशन से लीज पर लिए गए थे। शुरुआती वीडियो फुटेज में दिखाई दे रहा है कि एक हेलीकॉप्टर दूसरे के उड़ान मार्ग में आ जाता है, जिसके बाद टक्कर हो जाती है। अधिकारियों ने जांच पूरी होने तक इस मॉडल के हेलीकॉप्टरों की उड़ान रोक दी है।

ग्रीस के प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोटाकिस ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों को बेहद कठिन परिस्थितियों में आग से लड़ने वाले अग्रिम योद्धा बताया। उन्होंने कहा कि देश इस समय गंभीर मौसम और तेज हवाओं के कारण बेहद चुनौतीपूर्ण स्थिति से गुजर रहा है।

ग्रीस में पिछले एक सप्ताह में जंगल की आग की कम से कम 220 घटनाएं सामने आई हैं। एथेंस के पश्चिमी हिस्से में लगी बड़ी आग से निपटने के लिए करीब 500 फायरफाइटर और 23 विमान तैनात किए गए थे। हालांकि, तेज हवाओं के कारण राहत और बचाव अभियान में मुश्किलें आईं। कई बार विमानों के लिए समुद्र से पानी भरना भी जोखिम भरा हो गया।

यूरोप के कई देश इस समय भीषण जंगल की आग से जूझ रहे हैं। सूखे मौसम, तेज हवाओं और बढ़ते तापमान ने आग बुझाने के प्रयासों को और मुश्किल बना दिया है। ग्रीक अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिन भी चुनौतीपूर्ण रह सकते हैं क्योंकि कई क्षेत्रों में आग का खतरा अभी बना हुआ है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी