नेपाल में जेन जी प्रदर्शन के दौरान जेल तोड़कर भागे 1200 कैदी अभी भी फरार
काठमांडू, 18 मार्च (हि.स.)। जेनजी आंदोलन के दौरान पिछले साल 9 सितंबर को सुन्धारा स्थित केंद्रीय कारागार से भागे एक हजार दो सौ से अधिक कैदी अब भी फरार हैं।
केंद्रीय कारागार कार्यालय के सूचना अधिकारी बैकुंठ रेग्मी के अनुसार 9 सितंबर की सुबह तक केंद्रीय कारागार में कुल 3,880 कैदी थे। उसी दिन 3,517 कैदी भाग गए थे। उनमें से अधिकांश को वापस लाया जा चुका है, लेकिन अभी भी करीब 1,200 कैदी फरार हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में केंद्रीय कारागार में कुल 3,313 कैदी मौजूद हैं। इनमें 1,920 सजायाफ्ता कैदी और 1,493 विचाराधीन बंदी शामिल हैं। कारागार प्रशासन के अनुसार कुल कैदियों में से 1,749 केंद्रीय कारागार में, 1,250 सुधार गृह में और 314 महिला सेल में रखे गए हैं।
जेनजी आंदोलन के दौरान केंद्रीय कारागार को सामान्य क्षति पहुंची थी। हालांकि, जेल परिसर के भीतर मौजूद सभी पांच भवन सुरक्षित रहे, जिसके कारण कैदियों को दोबारा वापस लाने में प्रशासन को अपेक्षाकृत आसानी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास