यूएन, डब्ल्यूएचओ ने चेताया, गाजा में फैल सकती है महामारी, मिस्र पर बढ़ा विस्थापन का दबाव

 


वाशिंगटन, 11 दिसंबर (हि.स.)। संयुक्त राष्ट्र (यूएन) और विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने इजराइल और हमास के बीच गाजा में छिड़े युद्ध पर गंभीर टिप्पणी की है। इसमें कहा गया है कि गाजा में महामारी फैलने की आशंका है। साथ ही मिस्र पर बड़े पैमाने पर विस्थापन का दबाव बढ़ेगा।

अमेरिका के प्रमुख अखबार द न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों ने कल चेतावनी दी थी कि मिस्र के साथ गाजा की सीमा के पास दबाव बढ़ रहा है। इस सीमा पर हजारों फिलिस्तीनी एकत्र हैं। यह लोग इजराइल के सैन्य अभियान से घबराकर भागे हैं।

इस संबंध में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा, मुझे उम्मीद है कि सार्वजनिक व्यवस्था जल्द ही पूरी तरह से खत्म हो जाएगी और इससे भी बदतर स्थिति सामने आ सकती है। गंभीर खतरा महामारी फैलने का है। इसके अलावा मिस्र में बड़े पैमाने पर विस्थापन के लिए दबाव बढ़ सकता है।

अखबार के अनुसार विश्व स्वास्थ्य संगठन के कार्यकारी बोर्ड के आपातकालीन सत्र में महानिदेशक टेड्रोस एडनोम घेबियस ने कहा है कि गाजा की स्वास्थ्य प्रणाली और उपचार व्यवस्था घुटनों पर आ गई है। एन्क्लेव के 36 अस्पतालों में से केवल 14 ही आंशिक रूप से बीमारों और घायलों का इलाज करने में सक्षम हैं।

द न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, गाजा में भयावह हालात हैं। इजराइली सेना ने कल कहा कि उसने पिछले 24 घंटों में गाजा में 250 से अधिक लक्ष्यों पर हमला किया है। पिछले सप्ताह संयुक्त राष्ट्र में गाजा में स्थायी युद्धविराम की मांग को लेकर हुए मतदान के बाद यह लड़ाई तेज हो गई। उल्लेखनीय है कि अमेरिका के वीटो के कारण यह प्रस्ताव गिर गया। इसके बाद अमेरिका ने इजराइल को 13,000 राउंड टैंक गोला-बारूद देने की घोषणा की।

हिन्दुस्थान समाचार/मुकुंद