गाजा पट्टी पर आईडीएफ का हमला, तीन फिलिस्तीनी मारे गए, इजराइली समूहों का वेस्ट बैंक के गांवों में धावा
गाजा सिटी/रामल्लाह, 31 जुलाई (हि.स)। आतंकवादी समूह हमास के हथियार छोड़ने की सहमति के बावजूद गाजा पट्टी और वेस्ट बैंक में स्थिति तनाव पूर्ण है। गाजा पट्टी में इजराइल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) के ताजा हमले में तीन फिलिस्तीनी मारे गए हैं। मृतकों में दो बच्चे शामिल हैं। समूचे वेस्ट बैंक में दहशत है। यहां इजराइली कब्जे वाले क्षेत्र में इजराइली सेना के संरक्षण में लोग गांवों में धावा बोल रहे हैं। फिलिस्तीनी रेड क्रिसेंट ने दावा किया है कि इजराइली सेना विरोध कर रहे निर्दोष लोगों पर आंसू गैस के गोले दाग रही है।
द फिलिस्तीन क्रॉनिकल और कुद्स न्यूज नेटवर्क की एक्स पर जारी सचित्र रिपोर्ट के अनुसार, गाजा पट्टी पर रातभर इजराइली हमले हुए हैं। मिसाइल और ड्रोन हमलों में दक्षिणी गाजा में तीन फिलिस्तीनी नागरिक मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं। हमलों में राजधानी गाजा सिटी और खान यूनिस में भी आम नागरिक घायल हुए है। गाजा के अधिकारियों का कहना है कि 11 अक्टूबर, 2025 से इजराइल के हमले में अब तक 1,209 फिलिस्तीनी मारे जा चुके हैं।
अधिकारियों के अनुसार, मध्य गाजा शहर में अल-बुरेज नगर पालिका के सामने एक रिहायशी अपार्टमेंट पर इजराइली हमले में जैद मोहम्मद नौफल नामक व्यक्ति की मौत हो गई। इसके अलावा पश्चिमी खान यूनिस में कॉलेज क्षेत्र के पास एक टेंट पर इजराइली बमबारी में 20 वर्षीय अब्दुल्ला नासेर अल-बलावी और आठ वर्षीय रतील महमूद अब्दुल्ला मारे गए। इसके अलावा इजराइली लड़ाकू विमानों ने गाजा शहर के पश्चिम में अलशाती शरणार्थी शिविर पर भी हमले किए। अधिकारियों ने कहा कि इजराइली विमानों ने अल-अहली बैपटिस्ट अस्पताल के सामने अल-अलामी कमर्शियल बिल्डिंग के एक अपार्टमेंट को निशाना बनाया। इससे वहां भीषण आग लग गई।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, इजराइली हमलों की शृंखला में गाजा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 73,335 हो गई है। 174,052 अन्य लोग घायल हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि 11 अक्टूबर, 2025 को युद्धविराम समझौता लागू होने के बाद से इज़राइली सेना ने गाज़ा पट्टी में 1,209 फ़िलिस्तीनियों को मार डाला है और 3,943 लोगों को घायल किया है। बचाव दलों ने उन इलाकों से 803 फिलिस्तीनियों के शव बरामद किए हैं, जहां लड़ाई के कारण पहले पहुंचा नहीं जा सकता था। स्वास्थ्य अधिकारियों और मानवीय संगठनों का दावा है कि गाजा पट्टी का लगभग 90 प्रतिशत बुनियादी ढांचा नष्ट हो चुका है। इन हमलों के कारण लगभग 20 लाख फिलिस्तीनी विस्थापित हुए हैं।
इस बीच वेस्ट बैंक में हालात बिगड़ गए हैं। यहां पर जबरिया काबिज इजराइली समूहों ने गांवों में धावा बोल दिया है। इन लोगों को इजराइली सेना का संरक्षण प्राप्त है। इन लोगों ने वेस्ट बैंक के उत्तर में स्थित नाब्लस शहर के पश्चिमी बाहरी इलाकों फिलिस्तीनियों पर घरों पर हमला किया है। नाब्लस के पश्चिम में स्थित अल-जुनेद गांव में इजराइली सेना ने आंसू गैस के गोले दागे हैं। इन गोलों की चपेट में चार बच्चे भी आए हैं। इजराइली सैनिकों ने टेल गांव में छापा मारा है। नाब्लस के दक्षिण में स्थित बुरिन गांव में इजराइली हथियारबंद समूहों ने जैतून के पेड़ों में आग लगा दी है।
महत्वपूर्ण है कि गाजा पट्टी और वेस्ट बैंक दोनों फिलिस्तीनी क्षेत्र हैं। मगर दोनों में भिन्नता है। गाजा पट्टी भूमध्य सागर के पास छोटा, तटीय और घनी आबादी वाला क्षेत्र है। वेस्ट बैंक बड़ा इलाका है। गाजा पट्टी लगभग 41 किलोमीटर लंबा तटीय क्षेत्र है। इसकी सीमा पश्चिम में भूमध्य सागर, दक्षिण-पश्चिम में मिस्र, उत्तर व पूर्व में इजराइल से लगती है। वेस्ट बैंक जॉर्डन नदी के पश्चिमी तट पर स्थित भूमि से घिरा बड़ा क्षेत्र है। इसकी पूर्व सीमा जॉर्डन और मृत सागर से तथा शेष दिशाओं की सीमा इजराइल से लगती है। गाजा पट्टी पर 2007 से हमास का राजनीतिक और प्रशासनिक नियंत्रण रहा है। वेस्ट बैंक में फिलिस्तीनी प्राधिकरण का शासन है और यहां इजराइली बस्तियां भी मौजूद हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद