गाजा में इजराइली हवाई हमला, 4 साल के बच्चे समेत दो की मौत, सात लोग घायल
काहिरा, 23 अगस्त (हि.स.)। मध्य गाजा के जवायदा कस्बे और नजदीकी नुसेरात शरणार्थी शिविर में रविवार को इजराइली हवाई हमले किए गए। इनमें चार साल के एक बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि जवायदा में एक इमारत को निशाना बनाए जाने से पहले इजराइली सेना ने वहां मौजूद लोगों को इलाका खाली करने की चेतावनी दी थी। हमले के बाद इमारत मलबे में तब्दील हो गई और आसपास कई मीटर तक फैले मलबे तथा छर्रों की चपेट में लोग आ गए।
फिलिस्तीनी स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार इस हमले में चार वर्षीय मोहम्मद अब्देल-सलाम ताहा समेत कई लोग घायल हुए। गंभीर रूप से घायल बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में उसकी मौत हो गई।
दूसरा हवाई हमला नजदीकी नुसेरात शरणार्थी शिविर में हुआ। फिलिस्तीनी स्वास्थ्य अधिकारियों ने दोनों हमलों में कम से कम दो लोगों के मारे जाने और सात लोगों के घायल होने की पुष्टि की है।
हमले के बाद इलाके में शरण लिए एक विस्थापित फिलिस्तीनी ने शांति और स्थायी समाधान की अपील करते हुए कहा कि आम लोग लगातार जारी हिंसा से परेशान हैं।
इजराइली सेना ने दोनों घटनाओं को लेकर कहा है कि वह इन हवाई हमलों की जानकारी और परिस्थितियों की जांच कर रही है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय