फ्रांस में स्काईडाइविंग के लिए इस्तेमाल छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त, पायलट समेत 11 की मौत
पेरिस, 28 जून (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी फ्रांस में रविवार को स्काईडाइविंग के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट समेत विमान में सवार सभी 11 लोगों की मौत हो गई। स्थानीय प्रशासन ने इसकी पुष्टि की है।
मीडिया रिपाेर्टस में स्थानीय प्रशासन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह विमान पैराशूटिंग प्रशिक्षण देने वाले एक स्कूल का था। दुर्घटना में पायलट के अलावा पांच प्रशिक्षु (स्टूडेंट) और पांच प्रशिक्षकों की जान चली गई।
यह हादसा सुबह करीब 11 बजे नैन्सी शहर के निकट टॉमब्लेन क्षेत्र में हुआ। क्षेत्रीय अधिकारी यवेस सेगुई ने बताया कि विमान एयरफील्ड के पास अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि जमीन पर गिरने से पहले ही विमान को किसी प्रकार का नुकसान हुआ था।
विमान एक शॉपिंग सेंटर के पास आबादी वाले इलाके में गिरा, हालांकि जमीन पर मौजूद किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। सेगुई ने कहा कि यदि विमान कुछ मीटर इधर-उधर गिरता, तो जनहानि और अधिक हो सकती थी।
हादसे के बाद आपातकालीन सेवाओं ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
फ्रांस के गृह मंत्रालय की तरफ से बताया गया है कि गृहमंत्री घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं, दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि इसी महीने अमेरिका के मिसौरी राज्य के कैनसस सिटी के बाहरी इलाके में भी स्काईडाइविंग से जुड़ा एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें कई लोगों की मौत हुई थी। उस हादसे की जांच अभी जारी है।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी