फ्रांस और मोरक्को रणनीतिक संबंधों को नई दिशा देने की तैयारी में, विशेष संधि पर होगा हस्ताक्षर
रबात, 20 मई (हि.स.)। फ्रांस और मोरक्को अपने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाने की तैयारी कर रहे हैं। दोनों देशों के विदेश मंत्रियों ने संकेत दिया है कि मोरक्को के राजा की प्रस्तावित फ्रांस यात्रा के दौरान एक नई संधि पर हस्ताक्षर किए जा सकते हैं, जिसका उद्देश्य दीर्घकालिक सहयोग को नई मजबूती प्रदान करना है।
मोरक्को के विदेश मंत्री नासिर बोरिता और फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरोट के बीच हुई वार्ता के बाद इस प्रस्तावित समझौते की जानकारी सामने आई। हालांकि दोनों पक्षों ने अभी यात्रा की संभावित तारीख या संधि के विस्तृत प्रावधानों का खुलासा नहीं किया है।
मोरक्को की ओर से कहा गया है कि दोनों देशों के संबंध हाल के वर्षों में अधिक मजबूत हुए हैं और रक्षा, सुरक्षा, विमानन तथा आर्थिक सहयोग जैसे क्षेत्रों में साझेदारी लगातार बढ़ रही है। वहीं फ्रांसीसी पक्ष ने भी इस समझौते को भविष्य के दीर्घकालिक संबंधों की आधारशिला करार दिया।
फ्रांस लंबे समय से अफ्रीका में अपने आर्थिक और रणनीतिक हितों को मजबूत बनाए रखने की कोशिश करता रहा है। वहीं मोरक्को भी पश्चिम अफ्रीका और साहेल क्षेत्र में व्यापार, बैंकिंग, दूरसंचार और निर्माण क्षेत्रों के जरिए अपना प्रभाव बढ़ा रहा है।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय