फ्रांस में दंगों के बाद 217 लोगों को जेल, 2,700 से अधिक गिरफ्तार

 


पेरिस, 22 अक्टूबर (हि.स.)। फ्रांस में पिछले सप्ताहांत हुए दंगों के सिलसिले में त्वरित सुनवाई के बाद 217 लोगों को जेल भेजा गया है। न्याय मंत्री जेराल्ड दारमैनिन ने गुरुवार को बताया कि शनिवार से अब तक करीब 2,700 लोगों को हिरासत में लिया गया है। सरकार ने आगामी प्रदर्शनों के दौरान हिंसा रोकने के लिए सख्त कदम उठाने के संकेत दिए हैं।

पेरिस के बाहरी इलाके में स्थित फ्लूरी-मेरोजी जेल के बाहर पत्रकारों से बातचीत में दारमैनिन ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों में से एक हजार से अधिक को अदालत में पेश किया जा चुका है। इनमें से 217 लोगों को कारावास की सजा सुनाई गई है और यह संख्या अभी बढ़ सकती है।

मंत्री के अनुसार, जेल भेजे गए लोगों में करीब आधे ऐसे हैं, जिनका पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था। इनमें अधिकतर 18 से 25 वर्ष की उम्र के पुरुष हैं। उन्होंने कहा कि त्वरित सुनवाई के जरिये न्यायिक व्यवस्था ने सख्त रुख अपनाया है।

दंगों से जुड़े मामलों की सुनवाई जल्द पूरी करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सरकार ने त्वरित न्यायिक प्रक्रिया पर जोर दिया है। हालांकि, कुछ वकीलों ने इस कदम की आलोचना करते हुए आरोप लगाया है कि न्यायिक कार्रवाई जरूरत से ज्यादा दमनकारी होती जा रही है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय