एफबीआई के पूर्व निदेशक रॉबर्ट मुलर का निधन, ट्रंप ने कसा तंज
वॉशिंगटन, 22 मार्च (हि.स.)। अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी (एफबीआई) के पूर्व निदेशक रॉबर्ट मुलर का 81 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके परिवार ने एक बयान जारी कर यह जानकारी दी और निजता बनाए रखने की अपील की। हालांकि, मृत्यु के कारणों का खुलासा नहीं किया गया है।
परिवार की ओर से जारी बयान में कहा गया, “गहरे दुख के साथ हम यह साझा कर रहे हैं कि बॉब का कल रात निधन हो गया। हम इस कठिन समय में निजता का सम्मान करने का अनुरोध करते हैं।”
ट्रम्प की प्रतिक्रिया से विवाद
मुलर के निधन पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की प्रतिक्रिया ने विवाद खड़ा कर दिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए तीखी टिप्पणी की, जिससे राजनीतिक हलकों में बहस तेज हो गई है।
एफबीआई के पूर्व डायरेक्टर रॉबर्ट मुलर के निधन पर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने 'एक्स' पोस्ट कर तंज कसते हुए लिखा, 'अच्छा हुआ, मुझे खुशी है कि वह मर गए. अब वह निर्दोष लोगों को नुकसान नहीं पहुंचा सकते।'
लंबा और अहम करियर
रॉबर्ट मुलर अमेरिका के छठे एफबीआई निदेशक रहे। उन्हें 04 सितंबर 2001 को तत्कालीन राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश ने इस पद के लिए नामित किया था। उन्होंने लगभग 12 वर्षों तक इस पद पर कार्य किया और 2013 में सेवानिवृत्त हुए।
मुलर विशेष रूप से उस जांच के लिए जाने जाते हैं, जिसमें उन्होंने 2016 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के दौरान ट्रम्प अभियान और रूस के बीच कथित संबंधों की जांच का नेतृत्व किया था। यह जांच करीब दो साल तक चली और अमेरिकी राजनीति में व्यापक चर्चा और विवाद का विषय बनी रही।
हिमुलर का करियर जहां एक ओर कानून और जांच एजेंसियों में उनकी भूमिका के लिए याद किया जाएगा, वहीं दूसरी ओर उनकी अगुवाई में हुई जांच और उस पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी लंबे समय तक चर्चा में रहेंगी।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय