अवैध प्रवासन रोकने के लिए स्पेन को 115 मिलियन यूरो देगा यूरोपीय संघ

 

ब्रुसेल्स, 09 सितंबर (हि.स.)। यूरोपीय संघ ने उत्तरी अफ्रीका में स्थित स्पेन के स्यूटा क्षेत्र में सीमा सुरक्षा मजबूत करने और अवैध रूप से रह रहे प्रवासियों की वापसी में सहायता के लिए स्पेन को 11.5 करोड़ यूरो (115 मिलियन यूरो) की आपात वित्तीय सहायता देने की घोषणा की है।

यूरोपीय संघ के अनुसार, स्यूटा में हाल में बड़ी संख्या में प्रवासियों के पहुंचने से उसकी बाहरी सीमाओं पर दबाव बढ़ा है। आपात सहायता का इस्तेमाल सीमा प्रबंधन को मजबूत करने और ऐसे लोगों की वापसी में सहयोग के लिए किया जाएगा, जिन्हें वहां रहने का कानूनी अधिकार नहीं है।

यूरोपीय आयोग की उपाध्यक्ष हेन्ना विरकुनेन ने कहा कि स्यूटा की स्थिति ने यूरोपीय संघ की बाहरी सीमाओं पर दबाव बढ़ाया है। उन्होंने अवैध प्रवासन से निपटने और स्यूटा में अवैध रूप से रह रहे लोगों की जल्द वापसी सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

स्यूटा और मेलिला स्पेन के दो ऐसे क्षेत्र हैं जो उत्तरी अफ्रीका में स्थित हैं और यूरोपीय संघ की बाहरी सीमा का हिस्सा हैं। इनके कारण स्पेन लंबे समय से अफ्रीका से यूरोप की ओर होने वाले अनियमित प्रवासन के दबाव का सामना करता रहा है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय