मस्क ने एआई सर्वर और डेटा सेंटरों को अंतरिक्ष में ले जाने का सुझाव दिया

 


वाशिंगटन, 07 नवंबर (हि.स./रिया नोवोस्ती)। अमेरिकी उद्यमी एलन मस्क ने कहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के विकास के लिए इस्तेमाल होने वाले सर्वर और डेटा सेंटरों को पृथ्वी की कक्षा (ऑर्बिट) में ले जाना जरूरी है। वहां इन्हें सोलर पैनलों के जरिए लगातार बिजली मिलती रहेगी, जिससे पृथ्वी के पावर ग्रिड पर कोई अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा।

मस्क ने निवेशक रॉन बैरन को दिए एक इंटरव्यू में कहा, अगर हमें प्रति वर्ष टेरावाट या 200 गीगावाट के स्तर तक पहुंचना है तो हमें अंतरिक्ष में जाना ही होगा। क्योंकि जमीन पर इतनी बिजली उपलब्ध नहीं है कि हम इस स्तर तक पहुंच सकें।

उन्होंने बताया कि अमेरिका में बिजली की औसत खपत 500 गीगावाट से थोड़ी अधिक है। अगर इसमें एआई के लिए हर साल 200 गीगावाट और जोड़ दिया जाए तो पूरे अमेरिकी पावर ग्रिड में हर साल 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी करनी पड़ेगी, जो कि बिल्कुल भी संभव नहीं है।

मस्क ने कहा, जब आप सोलर पैनलों को अंतरिक्ष में लगाते हैं तो वहां हमेशा धूप रहती है और सोलर पैनल हमेशा सीधे सूरज की ओर रह सकते हैं। साथ ही, अंतरिक्ष में वायुमंडल न होने के कारण सौर ऊर्जा में कोई कमी नहीं आती। इस तरह, आपको अंतरिक्ष में 30 प्रतिशत ज्यादा सौर ऊर्जा मिलती है। वहां हमेशा धूप रहती है, मौसम बदलने का कोई असर नहीं होता और आपको बहुत बड़ी बैटरी की भी जरूरत नहीं पड़ती क्योंकि वहां रातभर के लिए बिजली स्टोर करके रखने की कोई आवश्यकता नहीं होती।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी