रूस के बेलगोरोड क्षेत्र में दो ड्रोन हमले, चार लोगों की मौत
मॉस्को, 25 अक्टूबर (हि.स.)। रूस के सीमावर्ती बेलगोरोड क्षेत्र में रविवार को हुए दो अलग-अलग ड्रोन हमलों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हो गए। स्थानीय अधिकारियों ने इन हमलों के लिए यूक्रेन को जिम्मेदार ठहराया है।
अधिकारियों के मुताबिक, बेलगोरोड शहर पर रात में हुए ड्रोन हमले में तीन लोगों की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हुए। घायलों में से एक व्यक्ति ने बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया, जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई।
बेलगोरोड के महापौर वैलेन्टिन डेमिडोव ने सरकारी समर्थन वाले मैसेजिंग प्लेटफॉर्म मैक्स पर लिखा कि रात के हमले में घायल एक अन्य व्यक्ति की अस्पताल में मौत हो गई। उन्होंने इस घटना को शहर के सभी निवासियों के लिए बड़ी त्रासदी बताया।
क्षेत्रीय गवर्नर अलेक्जेंडर शुवायेव के अनुसार, हमले में बड़े पैमाने पर संपत्ति को नुकसान पहुंचा। करीब 30 अपार्टमेंट इमारतें, 35 कारें, चार मकान, तीन प्रशासनिक भवन, आठ व्यावसायिक प्रतिष्ठान और तीन सामाजिक सुविधाएं क्षतिग्रस्त हुईं।
रविवार सुबह एक अन्य घटना में शेबेकिनो शहर के पास स्थित वोज़्नेसेंनोव्का गांव में एक कार को ड्रोन ने निशाना बनाया। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय