गाजा में हमास के कथित वित्तीय नेटवर्क से जुड़े व्यक्ति की मौत
गाजा सिटी, 28 सितंबर (हि.स.)। इजराइली सेना ने दावा किया है कि गाजा सिटी में किए गए एक हमले में हमास के वित्तीय नेटवर्क से जुड़े शदी अबू हसीरा की मौत हो गई। सेना के अनुसार, वह ‘जिनेवा’ नाम के मुद्रा विनिमय नेटवर्क का प्रमुख था और हमास के सैन्य विंग तक बड़ी रकम पहुंचाने में शामिल था।
आईडीएफ ने आरोप लगाया कि इस नेटवर्क के जरिए हमास को करोड़ों इजराइली शेकेल की विदेशी मुद्रा पहुंचाई गई, जिसका इस्तेमाल सैन्य गतिविधियों और हमलों के लिए किया जाता था। सेना ने यह भी कहा कि अबू हसीरा हमास की सैन्य क्षमताओं को फिर से मजबूत करने की गतिविधियों में शामिल था।
आईडीएफ ने कहा कि हमास के सैन्य विंग की वित्तीय गतिविधियों से जुड़े लोगों के खिलाफ उसकी कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय