अल्बानिया की पूर्व उपप्रधानमंत्री बेलिंडा बालुकू पर भ्रष्टाचार के औपचारिक आरोप तय
तिराना, 20 अक्टूबर (हि.स.)। अल्बानिया में भ्रष्टाचार के एक मामले में पूर्व उपप्रधानमंत्री बेलिंडा बालुकू के खिलाफ अभियोजन पक्ष ने औपचारिक आरोप तय कर दिए हैं। वर्ष 2021 में 200 मिलियन यूरो से अधिक मूल्य के दो निर्माण ठेकों के आवंटन में कथित हस्तक्षेप को लेकर बालुकू पर जांच चल रही है। इस मामले में पहले आरोप लगाए जाने के बाद राजधानी तिराना में विरोध प्रदर्शन और हिंसा भड़क उठी थी।
53 वर्षीय बालुकू प्रधानमंत्री एदी रामा की उपप्रधानमंत्री रह चुकी हैं। उन्होंने बुनियादी ढांचा मंत्री के रूप में भी काम किया है। पिछले वर्ष के अंत में उन पर ठेकों के आवंटन को प्रभावित करने का आरोप लगाया गया था। बालुकू ने तब किसी भी गलत काम में शामिल होने से इनकार किया था।
उच्चस्तरीय भ्रष्टाचार के मामलों की जांच करने वाले विशेष अभियोजन कार्यालय ने ईमेल के जरिए जारी बयान में बताया कि बालुकू पर सार्वजनिक निविदाओं या नीलामी में प्रतिभागियों के साथ समानता के सिद्धांत का उल्लंघन करने और वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों से जुड़े निष्क्रिय भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए हैं। उन पर आपराधिक गतिविधियों से प्राप्त धन को वैध बनाने यानी मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप भी है। कार्यालय के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य लोगों को भी औपचारिक रूप से आरोपों की जानकारी देने की प्रक्रिया जारी है।
प्रधानमंत्री रामा ने फरवरी में बालुकू को पद से हटा दिया था। हालांकि, उनकी संसदीय प्रतिरक्षा समाप्त करने का प्रयास सफल नहीं हुआ, जिसके कारण उनकी गिरफ्तारी का रास्ता नहीं खुल सका।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय