इजराइल पर पाक रक्षा मंत्री की टिप्पणी से विवाद, मीडिया रिपोर्ट में बयान को ‘भड़काऊ और लापरवाह’ बताया

 

तेल अवीव, 12 अगस्त (हि.स.)। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ की इजराइल को लेकर हालिया टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। द टाइम्स ऑफ इजराइल की एक रिपोर्ट में आसिफ के बयान को “भड़काऊ, नरसंहार की धमकी वाला और लापरवाह” बताया गया है। रिपोर्ट में मुस्लिम देशों की सरकारों और नेताओं से भी उनके बयान की स्पष्ट रूप से निंदा करने की अपील की गई है।

रिपोर्ट के मुताबिक, आसिफ ने इजराइल को एक “अवैध राज्य” बताते हुए उसे पूरे मुस्लिम जगत के लिए खतरा करार दिया था। उन्होंने मुस्लिम देशों से इजराइल के खिलाफ एकजुट होकर सैन्य मोर्चा बनाने की अपील की थी। यह बयान ऐसे समय में आया जब पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्किये ने मक्का में संयुक्त रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।

रिपोर्ट में कहा गया कि आसिफ पाकिस्तान के रक्षा मंत्री हैं और पाकिस्तान परमाणु हथियार संपन्न देश है। ऐसे में इजराइल के खिलाफ सैन्य गठबंधन की उनकी अपील को महज राजनीतिक बयान मानकर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

रिपोर्ट में दावा किया गया कि आसिफ की टिप्पणी केवल इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की नीतियों, गाजा युद्ध, बस्तियों या इजराइल के कब्जे की आलोचना तक सीमित नहीं थी, बल्कि उन्होंने कथित तौर पर इजराइल के अस्तित्व की वैधता पर ही सवाल उठाया।

रिपोर्ट ने यह भी तर्क दिया कि इजराइल को सैन्य रूप से खत्म करने की किसी भी कोशिश का असर वहां रहने वाले लाखों यहूदियों पर पड़ सकता है। इसमें कहा गया कि ऐसी कार्रवाई से बड़े पैमाने पर विस्थापन, दमन या लोगों की जान जाने का खतरा पैदा हो सकता है।

रिपोर्ट में सऊदी अरब और तुर्किये से यह स्पष्ट करने को कहा गया कि उनका नया रक्षा समझौता इजराइल के खिलाफ किसी आक्रामक कार्रवाई के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। तुर्किये के नाटो सदस्य होने के कारण रिपोर्ट में उसके सहयोगियों से भी इस समझौते की प्रकृति को लेकर स्पष्टीकरण मांगने की बात कही गई है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय