कोलंबिया में आए विनाशकारी भूकंप से मरने वालों की संख्या 331 हुई, 4.06 लाख से ज्यादा प्रभावित
बोगोटा, 26 अगस्त (हि.स.)। पश्चिमी कोलंबिया में गत 10 अगस्त को आए 7.4 तीव्रता के विनाशकारी भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 331 हो गई है। मंगलवार को जारी नेशनल यूनिट फॉर डिजास्टर रिस्क मैनेजमेंट (यूएनजीआरडी) की अपडेटेड रिपोर्ट के अनुसार, आपदा में 240 लोग अब भी लापता हैं, जबकि 4,449 लोग घायल हुए हैं।
तुर्किए की सरकारी समाचार एजेंसी अनाडोलू
ने यूएनजीआरडी के हवाले से बताया कि, राहत एवं बचाव अभियान के दौरान 364 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है। भूकंप से देश के 32 प्रांतों में से 16 प्रांतों की 494 नगरपालिकाएं प्रभावित हुई हैं। कुल 1,88,034 परिवारों के 4,06,273 लोगों को आधिकारिक तौर पर प्रभावित दर्ज किया गया है।
भूकंप 10 अगस्त को स्थानीय समयानुसार सुबह 7:34 बजे आया था। इसका केंद्र प्रशांत क्षेत्र के चोको प्रांत में सैन होज़े डेल पाल्मार के पास करीब 110 किलोमीटर की गहराई में था। इसे इस सदी में कोलंबिया में आया सबसे शक्तिशाली भूकंप बताया जा रहा है।
आपदा से पश्चिमी कोलंबिया में घरों और सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है। यूएनजीआरडी के अनुसार, 33,275 घर पूरी तरह नष्ट हो गए हैं, जबकि 1,85,889 अन्य घरों को नुकसान पहुंचा है।
स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र भी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। आंकड़ों के मुताबिक, 376 स्वास्थ्य केंद्र, 3,819 शैक्षणिक संस्थान और 4,337 सामुदायिक सुविधाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं।
भूकंप से परिवहन और आवश्यक सेवाओं पर भी गंभीर असर पड़ा है। कुल 440 सड़कें, 74 वाहन पुल, 17 पैदल यात्री पुल, पांच हवाई अड्डे और 119 जल-आपूर्ति प्रणालियां प्रभावित हुई हैं।
आपदा का असर पशुओं पर भी पड़ा है। अधिकारियों के अनुसार, 2,149 जानवर प्रभावित हुए, जबकि 2,949 को सुरक्षित बचाया गया है।
यूएनजीआरडी ने स्पष्ट किया है कि ये आंकड़े प्रारंभिक हैं। स्थानीय प्रशासन और राहत एजेंसियां अभी नुकसान का आकलन करने के साथ-साथ बचाव और राहत अभियान चला रही हैं। ऐसे में मृतकों, घायलों और प्रभावित लोगों की संख्या में आगे बदलाव हो सकता है।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी