चीन ने ईरान को दिया समर्थन का भरोसा, बीजिंग में अहम बैठक

 


बीजिंग, 06 मई (हि.स.)। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने बुधवार को बीजिंग में चीन के विदेश मंत्री वांग यी से मुलाकात की। इस दौरान चीन ने ईरान को भरोसा दिलाया कि वह आगे भी उसके साथ खड़ा रहेगा और द्विपक्षीय सहयोग जारी रखेगा।

बैठक के दौरान ईरान ने स्पष्ट किया कि वह मौजूदा तनाव को खत्म करना चाहता है और अमेरिका के साथ समझौते के लिए तैयार है, लेकिन यह प्रक्रिया उसकी अपनी शर्तों और बिना किसी बाहरी दबाव के होनी चाहिए। ईरानी पक्ष ने इस बात पर भी जोर दिया कि किसी भी समझौते में उसकी संप्रभुता और राष्ट्रीय हितों से समझौता नहीं किया जाएगा।

सूत्रों के मुताबिक, इस वार्ता में ईरान का एक प्रमुख उद्देश्य चीन से यह आश्वासन प्राप्त करना था कि वह अमेरिका के दबाव में आकर ऐसा कोई कदम नहीं उठाएगा, जिससे ईरान के हित प्रभावित हों। इस पर चीनी पक्ष ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि वह क्षेत्रीय स्थिरता और संतुलन बनाए रखने के लिए ईरान के साथ सहयोग जारी रखेगा।

यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब पश्चिम एशिया में तनाव बना हुआ है और अमेरिका-ईरान के बीच बातचीत की संभावनाएं भी जारी हैं। ऐसे में चीन का यह समर्थन ईरान के लिए कूटनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

यह बैठक इसलिए भी अहम है क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के जल्द ही चीन दौरे की संभावना जताई जा रही है, जहां उनकी मुलाकात चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से हो सकती है। ऐसे में बीजिंग में हुई यह बातचीत वैश्विक कूटनीतिक समीकरणों पर असर डाल सकती है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय