कैलिफोर्निया में 5.6 तीव्रता का भूकंप, कई घायल, हजारों घरों की बिजली गुल

 




मेंडोकिनो काउंटी, 25 जून (हि.स.)। उत्तरी कैलिफोर्निया के मेंडोकिनो काउंटी में बुधवार सुबह 5.6 तीव्रता का भूकंप आया, जिससे कई लोग घायल हो गए और हजारों घरों व व्यवसायों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। अधिकारियों के अनुसार, भूकंप से कुछ संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है, हालांकि किसी के मारे जाने की सूचना नहीं है।

स्थानीय मीडिया ने अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के हवाले से बताया कि, भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 8:10 बजे विलिट्स के निकट आया। शुरुआती तौर पर इसकी तीव्रता 6.0 दर्ज की गई थी, लेकिन बाद में इसे संशोधित कर 5.6 कर दिया गया। भूकंप का केंद्र रेडवुड वैली से लगभग 6.8 मील उत्तर में और करीब 5 मील की गहराई में स्थित था।

भूकंप के झटकों के बाद हजारों लोगों के मोबाइल फोन पर 'शेक-अलर्ट' चेतावनी संदेश प्राप्त हुए। अधिकारियों ने बताया कि कई दुकानों में शेल्फ से सामान गिर गया और कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं।

मेंडोकिनो काउंटी प्रशासन ने बताया कि घायल लोगों का उपचार किया जा रहा है और अब तक किसी भी मौत की सूचना नहीं मिली है। साथ ही, बड़े पैमाने पर विनाश या गंभीर संरचनात्मक नुकसान की कोई पुष्टि नहीं हुई है।

बिजली कंपनी पीजीई के अनुसार, भूकंप के बाद लगभग 10,000 ग्राहकों की बिजली आपूर्ति बाधित हुई। शाम तक करीब आधे प्रभावित उपभोक्ताओं की बिजली बहाल कर दी गई थी। कंपनी ने कहा कि उसकी गैस और बिजली उत्पादन सुविधाओं को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

स्थानीय प्रशासन ने लोगों से मुख्य सड़कों से दूर रहने की अपील की है ताकि मरम्मत और निरीक्षण कार्य सुचारू रूप से किया जा सके। आपातकालीन टीमें गिरी हुई बिजली लाइनों, संभावित गैस रिसाव और जलापूर्ति लाइनों में आई खराबियों की जांच में जुटी हुई हैं।

विलिट्स शहर प्रशासन ने कहा कि शहर के बुनियादी ढांचे को किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है। हालांकि, एहतियात के तौर पर विभिन्न स्थानों का निरीक्षण जारी है।

प्रसिद्ध भूकंप वैज्ञानिक लुसी जोन्स ने कहा कि यह क्षेत्र पिछले लगभग 90 वर्षों में आए सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक है। उन्होंने बताया कि इलाके में भूकंप आते रहते हैं, लेकिन आमतौर पर उनकी तीव्रता कम होती है। उन्होंने आफ्टरशॉक्स की संभावना जताई, हालांकि इनके अपेक्षाकृत कमजोर रहने की उम्मीद है।

इस बीच, गैविन न्यूसम के कार्यालय ने बताया कि राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और आपदा प्रबंधन एजेंसियों के साथ मिलकर नुकसान का आकलन कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, माईशेक एप के माध्यम से लगभग 6.57 लाख लोगों को भूकंप की चेतावनी भेजी गई।

मेंडोकिनो काउंटी शेरिफ कार्यालय और आपदा राहत एजेंसियां प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण कर रही हैं। अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने और भूकंप के बाद झटके की संभावना को देखते हुए सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी