वाणिज्य दूतावास बंद करने के जवाब में 27 इजराइली राजनयिकों को निकाल सकता है ब्रिटेन
लंदन, 05 अक्टूबर (हि.स.)। ब्रिटेन ने कथित तौर पर इजराइल को चेतावनी दी है कि अगर पूर्वी यरुशलम स्थित ब्रिटिश वाणिज्य दूतावास को बंद किया गया तो लंदन में तैनात 27 इजराइली राजनयिकों को निष्कासित किया जा सकता है। यह दावा इजराइली मीडिया की एक रिपोर्ट में किया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, इजराइल में ब्रिटेन के राजदूत साइमन वाल्टर्स ने इजराइली अधिकारियों तक यह संदेश पहुंचाया है। कथित तौर पर ब्रिटेन ने संकेत दिया है कि वाणिज्य दूतावास में कार्यरत प्रत्येक ब्रिटिश राजनयिक की सेवाएं समाप्त किए जाने के बदले एक इजराइली राजनयिक को निष्कासित किया जा सकता है।
ब्रिटिश दूतावास ने इस रिपोर्ट पर टिप्पणी करने से इनकार किया है। वहीं, इजराइल के विदेश मंत्रालय की ओर से भी तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई।
-------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय