रियाद एयरपोर्ट के पास काला धुआं और आग की लपटें दिखी, कई उड़ानें रद्द और विलंबित

 




रियाद, 19 सितंबर (हि.स.)। सऊदी अरब की राजधानी रियाद में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास शुक्रवार को काला धुआं और आग की लपटें दिखाई दीं। घटना के कुछ घंटे पहले सऊदी अधिकारियों ने हवाई हमले को लेकर चेतावनी जारी की थी। इसके बाद किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कई उड़ानों के रद्द होने और विलंबित होने की खबर सामने आई।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, एयरपोर्ट के पास सऊदी तेल कंपनी अरामको के लोगो वाला एक ईंधन टैंक आग की चपेट में आया था। दमकलकर्मी आग बुझाने की कोशिश करते दिखाई दिए। हालांकि, आग लगने के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

उड़ानों पर नजर रखने वाली वेबसाइट 'फ्लाइटराडार24' ने रियाद एयरपोर्ट पर परिचालन में गंभीर व्यवधान की जानकारी दी और इसे अपने उच्चतम व्यवधान स्तर में रखा।

इससे पहले, तड़के सऊदी अधिकारियों ने रियाद समेत कुछ क्षेत्रों के निवासियों को हवाई खतरे की चेतावनी देते हुए घरों के अंदर रहने को कहा था। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, चेतावनी के बाद राजधानी के कई हिस्सों में विस्फोट जैसी आवाजें सुनाई दीं। सऊदी नागरिक सुरक्षा एजेंसी ने करीब आधे घंटे बाद अलर्ट समाप्त कर दिया।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय