बांग्लादेश में दो पुलिस अधिकारी गिरफ्तार, एक पर गोपालगंज हिंसा में शामिल होने का आरोप

 

ढाका (बांग्लादेश), 26 नवंबर (हि.स.)। ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस (डीएमपी) की खुफिया शाखा ने दो पुलिस अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक 25वें बैच के अधिकारी मो. अबुल कलाम आजाद और दूसरे 33वें के मो. रकीबुल हसन हैं।

डीएमपी के अतिरिक्त आयुक्त (खुफिया) शफीकुल इस्लाम ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण (बांग्लादेश) ने अबुल कलाम आजाद की गिरफ्तारी के लिए अनुरोध भेजा था। प्रोथोम अलो, ढाका ट्रिब्यून और द डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार इस्लाम ने रकीबुल हसन को गिरफ्तार करने के कारणों कोई जानकारी नहीं दी। उन्होंने बताया कि अबुल हसन पर गोपालगंज में हाल ही में हुई हिंसा में शामिल होने का आरोप है। अबुल हसन 'स्पेशल रिस्पॉन्स बटालियन-14' की भैरब कंपनी में कंपनी कमांडर के तौर पर तैनात थे। उनका घर गोपालगंज के मुक्सुदपुर उपजिला के गोविंदपुर में है। रकीबुल हसन भी गोपालगंज के ही रहने वाले हैं।

उधर, भारत में रह रहीं अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के देश लौटने के इरादे की घोषणा और अवामी लीग के बंद के दौरान हिंसा की आशंका के चलते पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। सूत्रों का कहना है कि आंतरिक जानकारी लीक करने और हाल ही में हुई तोड़फोड़ की घटनाओं में मिलीभगत के आरोपों के संबंध में कुछ और पुलिस अधिकारियों के नाम सामने आए हैं।

इसके मद्देनजर सरकार ने बुधवार को सात जिलों में नए पुलिस अधीक्षक नियुक्त किए। इनमें से पांच जिले अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से लगे हैं। इससे पहले, गोपालगंज सहित ढाका रेंज के 13 जिलों में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और सहायक पुलिस अधीक्षक रैंक के 12 अधिकारियों को दो महीने के लिए तैनात किया गया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि विभिन्न इकाइयों में नया नेतृत्व लाकर फील्ड स्तर पर पुलिस बल का पुनर्गठन किया जा रहा है।

बताया गया है कि गिरफ्तार दोनों पुलिस अधिकारी जुलाई, 2024 के जन-विद्रोह से पहले ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस में तैनात थे। गृहमंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस बल के भीतर निगरानी के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि पुलिस और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों के कुछ अधिकारी फासीवादी ताकतों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि सरकार कड़ी निगरानी रख रही है।

सूत्रों ने बताया कि हाल ही में हुई हिंसा के संबंध में अवामी लीग के फरार नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ-साथ विदेश में मौजूद कुछ पुलिसकर्मियों के नाम भी मिले हैं। ऐसे आरोप भी हैं कि विदेश भाग गए कुछ अधिकारी देश में काम कर रहे पुलिस अधिकारियों को फोन करके धमका रहे हैं, क्योंकि वे अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद