बांग्लादेश में पुलिसकर्मियों की हत्या और थानों में आगजनी से हालात और बिगड़े
ढाका (बांग्लादेश), 25 नवंबर (हि.स.)। देश में अपराधियों को गिरफ्तार करने की कोशिश के दौरान पुलिसकर्मियों की हत्या की जा रही है। हथकड़ी लगे संदिग्धों को पुलिस हिरासत से छुड़ाया जा रहा है। पुलिस के गश्ती दलों पर हमले हो रहे हैं। सरकारी हथियार लूटे जा रहे हैं और पुलिस थानों को आग के हवाले किया जा रहा है। बिगड़ रहे हालात में लोगों की जान-माल की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाली पुलिस के सामने खुद की सुरक्षा बड़ी चिंता का विषय बन गई है। छिटपुट आपराधिक घटनाओं से लेकर राजनीतिक हिंसा तक, पुलिस पर लगातार हो रहे हमले न केवल पुलिसकर्मियों को बड़े खतरे में डाल रहे हैं, बल्कि राज्य की कानून-व्यवस्था लागू करने की क्षमता और अधिकार की भी परीक्षा ले रहे हैं।
ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, 17 फरवरी को प्रधानमंत्री तारिक रहमान के नेतृत्व वाली सरकार के सत्ता में आने के बाद से नौ महीने से अधिक का समय बीत चुका है। इस दौरान मार्च से अक्टूबर के बीच पूरे देश में पुलिस पर 400 हमले दर्ज किए गए। जनवरी से अक्टूबर के बीच यह संख्या बढ़कर 484 हो गई। नवंबर में भी देश के विभिन्न हिस्सों में हमले जारी हैं। हमलों में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। गोपालगंज में दो पुलिस थानों पर हमले किए गए। उन्हें आग लगा दी गई । लूटपाट की गई। अन्य जगहों पर पुलिस की गाड़ियों और परिसरों को निशाना बनाया गया।
पुलिस मुख्यालय के मासिक अपराध आंकड़ों और बांग्लादेश पुलिस एसोसिएशन के डेटा के अनुसार, इस साल जनवरी से अक्टूबर के बीच पूरे देश में पुलिस पर 484 हमले हुए। इन घटनाओं में चार पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और 370 गंभीर रूप से घायल हो गए। 22 नवंबर को नारायणगंज में एक पुलिसकर्मी की हत्या के साथ, इस साल पुलिस पर हुए हमलों में मरने वालों की संख्या कम से कम पांच हो गई है। नवंबर के पहले 23 दिनों में हमलों के दौरान कम से कम 21 पुलिसकर्मी घायल हुए।
आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि अप्रैल में सबसे ज्यादा हमले (66 घटनाएं) हुए। मार्च में 63 और मई में 55 घटनाएं दर्ज की गईं। हालांकि जून के बाद हमलों में कुछ कमी आई, लेकिन मासिक आंकड़ा कभी भी 40 से नीचे नहीं गया। अक्टूबर और नवंबर में यह संख्या फिर से बढ़ गई। हाल की घटनाएं एक चिंताजनक स्थिति की ओर इशारा करती हैं। संगठित समूह पुलिसकर्मियों की हत्या कर रहे हैं। थानों को आग लगाई जा रही है। हथियार लूटे जा रहे हैं और गिरफ्तार संदिग्धों को जबरन छुड़ाया जा रहा है।
अधिकारियों पर होने वाले हमलों के अलावा अब पुलिस थाने भी हिंसा का मुख्य निशाना बन गए हैं। कुछ ही दिनों के भीतर गोपालगंज में दो पुलिस थानों पर हमले हुए। 17 नवंबर को तुंगीपाड़ा पुलिस थाने पर हमला कर उसे आग के हवाले कर दिया गया और वहां से हथियार लूट लिए गए। बांग्लादेश पुलिस एसोसिएशन के अनुसार, इस हमले में थाने के बुनियादी ढांचे और कई वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है। सरकारी हथियारों के साथ-साथ आम लोगों के जना कराए गए हथियार भी लूट लिए गए। दो दिन बाद 19 नवंबर को मुकसूदपुर पुलिस थाने पर हमला हुआ और उसे आग लगा दी गई। इस आगजनी में महत्वपूर्ण दस्तावेज, पुलिस के वाहन और जब्त की गई गाड़ियां जलकर खाक हो गईं। इन हमलों के लिए प्रतिबंधित अवामी लीग और उसके छात्र संगठन बांग्लादेश छात्र लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया गया है। आगजनी की इन घटनाओं के कारण दोनों पुलिस थानों का कामकाज ठप हो गया है।
18 नवंबर को चटगांव के मुरादपुर में भी एक पुलिस चौकी को आग के हवाले कर दिया गया। पुलिस थानों पर हमले से होने वाला नुकसान केवल इमारत, फर्नीचर या वाहनों तक ही सीमित नहीं रहता। केस रिकॉर्ड, अपराध से जुड़ी जानकारी और सुरक्षित रखे गए सबूतों के नष्ट होने से भविष्य में जांच और न्यायिक कार्यवाही पर गंभीर असर पड़ सकता है। इस तरह के हमले सार्वजनिक सुरक्षा को कमजोर कर सकते हैं और लोगों को जरूरी पुलिस सेवाओं तक पहुंचने से रोक सकते हैं।
पुलिस हिरासत से संदिग्धों को जबरन छुड़ाने की बढ़ती घटनाएं पुलिस बल के लिए एक और बड़ी चिंता का विषय बन गई हैं। गिरफ्तारी के बाद कुछ संगठित समूह संदिग्धों को अदालत में पेश किए जाने से पहले ही उन्हें छुड़ाने के लिए पुलिस पर हमले कर रहे हैं। 22 नवंबर को ब्राह्मणबरिया के अखौरा पुलिस थाने पर हमला हुआ और पुलिस के साथ झड़प हो गई। यह घटना नेशनल सिटीजन पार्टी की उपजिला इकाई के संयुक्त संयोजक और विस्फोटक मामले के आरोपित सायेब अली की गिरफ्तारी को लेकर हुई थी। इस घटना में पुलिस के कम से कम सात जवान घायल हो गए। इससे पहले, 6 नवंबर को बोगरा के सोनाताला में धोखाधड़ी के एक मामले के संदिग्ध को पुलिस हिरासत से छुड़ा लिया गया था।
इसी तरह की घटनाएं सितंबर में सुनामगंज के शांतिगंज में और जुलाई में कॉक्स बाजार के कुतुबदिया में भी हुई थीं। भीड़ ने पुलिस पर हमला कर गिरफ्तार संदिग्धों को छुड़ा लिया। इन घटनाओं ने कानून लागू करने वाली एजेंसियों के सामने नई चुनौतियां खड़ी कर दी है। अब पुलिस को गिरफ्तारी वारंट तामील करने और नियमित अभियान चलाने जैसे सामान्य कामों के लिए भी अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम करने पड़ रहे हैं। जानकारों का कहना है कि पुलिस पर होने वाले इन हमलों के पीछे अलग-अलग वजह हैं। कुछ मामलों में संगठित अपराधी गिरोह पुलिस की कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं। वहीं कुछ अन्य मामलों में राजनीतिक प्रभाव डालने की कोशिशें और भीड़ के हिंसा के जरिए कानून को अपने हाथ में लेने की बढ़ती प्रवृत्ति भी इस हिंसा को बढ़ावा दे रही है।
एक और बड़ी चिंता यह है कि पुलिस पर हुए हमलों से जुड़े मामलों में जांच और मुकदमों की प्रगति को लेकर कोई स्पष्टता नहीं है। हालांकि ऐसी घटनाओं के बाद मामले दर्ज होने और संदिग्धों की गिरफ्तारी की खबरें तो आती हैं, लेकिन यह जानकारी नहीं मिलती कि कितनी जांच पूरी हो चुकी है या कितनी चार्जशीट दाखिल की गई हैं। 2024 के बड़े जन विद्रोह के दौरान पुलिस के घातक बल प्रयोगऔर उसके बाद पुलिस बल के खिलाफ हुई हिंसा का असर अभी भी बना हुआ है। उस दौर से उपजे पेशेवर संकट, गिरते मनोबल और जनता के भरोसे की कमी से निपटने के लिए पुलिस अभी संघर्ष कर ही रही है। उसे एक बार फिर लगातार हमलों का सामना करना पड़ रहा है।
ढाका विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल वेलफेयर एंड रिसर्च के एसोसिएट प्रो. और अपराध विश्लेषक डॉ. तौहिदुल हक ने बताया कि देश के अलग-अलग हिस्सों में पुलिस पर बार-बार होने वाले हमले कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा, यह केवल पुलिसकर्मियों की सुरक्षा का मामला नहीं है। बल्कि यह कानून लागू करने की राज्य की क्षमता और अधिकार से भी जुड़ा है। जब अपराधी संगठित होकर पुलिस पर हमला करते हैं या हिरासत से संदिग्धों को छुड़ा ले जाते हैं तो आम लोगों के बीच भी असुरक्षा की भावना फैलती है। बिना सजा के बच निकलने का माहौल, राजनीतिक प्रभाव, पुलिस पर जनता के भरोसे की कमी और अपराधियों का लगातार बढ़ता बेखौफ बर्ताव—ये सब इन घटनाओं के पीछे हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि इसमें शामिल लोगों के खिलाफ तुरंत जांच होनी चाहिए और उन्हें सबके सामने सजा मिलनी चाहिए, चाहे उनका राजनीतिक जुड़ाव कुछ भी हो। उन्होंने कहा, साथ ही, पुलिस की पेशेवर कार्यक्षमता, जवाबदेही और जनता के भरोसे को फिर से बहाल करना बहुत जरूरी है। वरना, ऐसी घटनाएं कानून-व्यवस्था की स्थिति को और भी जटिल बना सकती हैं। पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों का कहना है कि अनियंत्रित स्थितियों को काबू करने की कोशिश के दौरान अकसर पुलिसकर्मियों पर हमले होते हैं। उनका यह भी मानना है कि कुछ समूह अभी भी जनजीवन में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस स्थिति से निपटने के लिए अपना काम लगातार कर रही है। हमलों और हिंसा के मामलों में केस दर्ज किए जा रहे हैं और आरोपितों को अदालत के सामने पेश किया जा रहा है। पुलिस मुख्यालय में सहायक महानिरीक्षक (मीडिया और जनसंपर्क) कमरुन मुनीरा ने बताया कि इस बात की जांच चल रही है कि क्या ये हमले किसी सोची-समझी साजिश का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा, कानून लागू करने वाले कर्मियों का मनोबल गिराने या पुलिस को अपना काम करने से रोकने के उद्देश्य से किए गए हमलों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस अधिकारी मुनीरा ने बताया कि फ्रंटलाइन पुलिसकर्मियों की सुरक्षा मजबूत करने, संवेदनशील इलाकों में कड़ी निगरानी रखने, खुफिया निगरानी बढ़ाने और हमलों में शामिल लोगों की पहचान करके उन्हें न्याय के दायरे में लाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन पुलिसकर्मियों को जरूरी सुरक्षा उपकरण और प्रशिक्षण मुहैया कराने पर भी जोर दे रहा है। पुलिस अधिकारी मुनीरा ने कहा, पुलिस लोगों की जान-माल की सुरक्षा के लिए काम करती है। इसलिए, पुलिस पर हमला असल में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की राज्य की जिम्मेदारी पर हमला है। पुलिस ऐसे अपराधों को रोकने के लिए सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद