बलोच लड़ाकों ने बिजली ढांचे और पाकिस्तानी सेना के काफिलों पर किए हमले : बीआरजी
क्वेटा, 03 अक्टूबर (हि.स.)। बलोचिस्तान में दो बलोच हथियारबंद गुटों ने बिजली के बुनियादी ढांचे और पाकिस्तानी सेना के काफिलों पर हमले करने का दावा किया है। एक गुट ने कच्छी जिले में सेना के काफिले पर घात लगाकर किए गए हमले में चार जवानों के मारे जाने का दावा किया है। इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
बलूचिस्तान की ऑनलाइन समाचार नेटवर्क 'द बलूचिस्तान पोस्ट'
के मुताबिक, बलोच रिपब्लिकन गार्ड्स (बीआरजी) ने शुक्रवार को दावा किया कि उसके लड़ाकों ने सिबी के कटपार इलाके में बिजली ट्रांसमिशन लाइन के दो मुख्य टावरों को विस्फोटकों से उड़ा दिया। हमले में दो अन्य टावर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए।
संगठन के प्रवक्ता दोस्तैन बलोच के अनुसार, गुरुवार शाम कच्छी जिले के सन्नी के पास पाकिस्तानी सेना के एक काफिले पर हमले का भी दावा किया। प्रवक्ता ने कहा कि लड़ाकों ने भारी और स्वचालित हथियारों से एक वाहन को निशाना बनाया, जिसमें कई सैनिक मारे गए या घायल हुए। हालांकि, संगठन ने हताहतों की संख्या नहीं बताई।
इसी बीच, यूनाइटेड बलोच आर्मी (यूबीए) ने भी कच्छी के सन्नी चिघार्डी इलाके में सेना के तीन वाहनों वाले काफिले पर हमला करने का दावा किया। संगठन के अनुसार, हमला गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे किया गया, जिसमें चार सैनिक मारे गए और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए।
यूबीए के प्रवक्ता मज़ार बलोच ने दावा किया कि सेना का काफिला इलाके में चलाए जा रहे एक सैन्य अभियान का हिस्सा था। उनके मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच करीब 90 मिनट तक मुठभेड़ हुई, जिसके बाद संगठन के लड़ाके वहां से हट गए।
दोनों संगठनों ने बलोचिस्तान की स्वतंत्रता की मांग की है और अपने सशस्त्र अभियान जारी रखने की बात कही है। हालांकि, उनके दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी