बलोचिस्तान में गैस कंपनी के छह कर्मचारी अगवा
इस्लामाबाद, 01 जुलाई (हि.स.)। पाकिस्तान के बलोचिस्तान प्रांत में कुछ हथियारबंद लोगों ने मारी गैस कंपनी के छह कर्मचारियों का अपहरण कर लिया। पुलिस ने घटना की पुष्टि की है और कहा कि एजेंसियों ने सुरक्षित रहाई के प्रयास शुरू कर दिए हैं। यह वारदात बलोचिस्तान के जरगुन घर पर्वतीय क्षेत्र में स्थित खनन क्षेत्र शबान दलवानी में हुई है।
द बलोचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार अगवा किए गए गैस कंपनी के कर्मचारियों में जलात खान, मोहम्मद हाशिम, कमाल खान, जहांगीर खान, मोहम्मद अजीम और रोज खान शामिल हैं। अधिकारियों का दावा है कि सभी को जल्द मुक्त करा लिया जाएगा।
बलोचिस्तान का यह पर्वतीय क्षेत्र हाल ही में सुरक्षा अभियानों और खनिकों के अपहरण की घटनाओं के साथ आतंकवाद विरोधी अभियानों के कारण चर्चा में रहा है। यह इलाका प्रांत की राजधानी क्वेटा के पूर्व में स्थित एक ऊबड़-खाबड़ और पहाड़ी क्षेत्र है। हाल ही में यहां एक निजी खनन कंपनी के कई कर्मचारियों का अपहरण हो चुका है।
मारी पाकिस्तान की दूसरी सबसे बड़ी गैस उत्पादक कंपनी है। इसका पाकिस्तान स्टॉक एक्सचेंज पर कारोबार होता है। कंपनी का मुख्यालय इस्लामाबाद और स्वामित्व फौजी फाउंडेशन (40 प्रतिशत) के पास है। इसमें संघीय सरकार और ऑयल एंड गैस डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड (ओजीडीसीएल) की भी हिस्सेदारी है। मारी गैस कंपनी सिंध प्रांत के घोटकी जिले में स्थित मारी गैस फील्ड का संचालन करती है। कंपनी देश के कुल यूरिया उत्पादन का लगभग 80 प्रतिशत गैस उपलब्ध कराती है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद