बलूचिस्तान में बिजली के ढांचे पर हमला, बीआरजी ने दो हाई-वोल्टेज टावर उड़ाने की ली जिम्मेदारी
क्वेटा, 08 अगस्त (हि.स.)। पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर किए गए हमले में दो बिजली के टावर पूरी तरह ध्वस्त हो गए, जबकि दो अन्य टावरों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। बलूच रिपब्लिकन गार्ड्स (बीआरजी) ने इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह हमला बलूचिस्तान के नसीराबाद जिले में मीर हसन क्षेत्र के पास पीरू पुल इलाके में किया गया। बीआरजी के प्रवक्ता दोस्तीन बलूच ने दावा किया कि संगठन के सदस्यों ने ओच पावर प्लांट से पंजाब की ओर जाने वाली 220 केवी की बिजली लाइन के दो टावरों को विस्फोट कर उड़ा दिया।
हमले के बाद दो टावर गिर गए, जबकि दो अन्य टावरों को गंभीर क्षति पहुंचने की बात कही गई है। संगठन ने एक बयान में हमले की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि बलूचिस्तान की स्वतंत्रता हासिल होने तक इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।
बलूचिस्तान में पिछले कुछ समय से अलगाववादी समूहों और पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के बीच तनाव बढ़ा हुआ है। विभिन्न बलूच संगठनों की ओर से सैन्य एवं पुलिस प्रतिष्ठानों के साथ-साथ महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को भी निशाना बनाए जाने की खबरें सामने आती रही हैं।
इससे पहले, मई माह में बीआरजी ने सिबी और सोहबतपुर जिलों में बिजली के टावरों को नुकसान पहुंचाने तथा पाकिस्तानी रेंजर्स की एक चौकी पर हमला करने का दावा किया था। फिर जून में कच्छी जिले के सन्नी इलाके में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के एक शिविर पर हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय