आरएसपी अपने नवनिर्वाचित सांसदों को प्रशिक्षण देने और सरकार गठन की तैयारी में जुटी
काठमांडू, 18 मार्च (हि.स.)। नेपाल के संसदीय चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर आई राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) अपने नवनिर्वाचित सांसदों को प्रशिक्षण देने और सरकार गठन की तैयारी में जुटी हुई है।
पार्टी अध्यक्ष रवि लामिछाने नवनिर्वाचित सांसदों के लिए प्रशिक्षण का कार्यक्रम संचालित कर रहे हैं, तो दूसरी ओर बालेन्द्र शाह नई सरकार गठन के लिए अपनी टीम बनाने में व्यस्त हैं। देश में 5 मार्च को हुए चुनाव में प्रतिनिधि सभा में सबसे बड़ी पार्टी बनने के बाद अपने नवनिर्वाचित सांसदों के लिए दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम मंगलवार से शुरू हुआ, जो आज बुधवार शाम तक चलेगा। मंगलवार को 12 घंटे के सत्र में शामिल हुए सांसद बुधवार को 7 घंटे के अतिरिक्त प्रशिक्षण में भाग ले रहे हैं।
पार्टी ने शाह के नेतृत्व में नई सरकार बनाने के लिए आधार तैयार करना शुरू कर दिया है। पार्टी संसदीय दल के नेता के चयन और शाह के नेतृत्व का मार्ग प्रशस्त करने के लिए पार्टी विधान में संशोधन जैसी आवश्यक प्रक्रियाओं पर भी काम कर रही है। पार्टी अध्यक्ष रवि लामिछाने, वरिष्ठ नेता बालेन्द्र शाह, उपाध्यक्ष स्वर्णिम वागले और दूसरे उपाध्यक्ष डोल प्रसाद अर्याल के बीच सरकार गठन को लेकर कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं। इन बैठकों में संभावित मंत्रियों के चयन और सरकार बनने के बाद उसकी तत्काल प्राथमिकताओं पर चर्चा केंद्रित रही है। बालेन्द्र शाह पार्टी के १८२ सांसदों में से विशेषज्ञता के आधार पर अपनी टीम बनाने का गृहकार्य कर रहे हैं।
बालेन्द्र के सलाहकार विक्टर पौडेल ने बताया कि नई सरकार का गठन अगले एक हफ्ते के भीतर किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि समानुपातिक सांसदों को निर्वाचन आयोग द्वारा प्रमाणपत्र देने के बाद संसदीय दल के नेता का चयन किया जाएगा।
आरएसपी की प्रवक्ता प्रतिभा रावल ने कहा कि बालेन्द्र शाह की टीम की तरफ से न सिर्फ नए मंत्रियों के चयन पर विचार विमर्श किया जा रहा है, बल्कि विशेषज्ञों की टोली की तरफ से सरकार के १०० दिनों का एजेंडा भी बनाया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास