जेन जी मामले में पूर्व प्रधानमंत्री ओली सहित चार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने का फैसला

 




काठमांडू, 27 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के नेतृत्व वाली मंत्रिपरिषद ने ‘जेन जी’ प्रदर्शनों की जांच के लिए गठित आयोग की रिपोर्ट को तुरंत लागू करने का निर्णय लिया है। निर्णय के अनुसार पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली सहित चार व्यक्तियों के खिलाफ ही कार्यवाही आगे बढ़ाई जाएगी।

सरकार ने ओली सरकार के तत्कालीन गृह मंत्री रमेश लेखक, तत्कालीन गृह सचिव गोकर्ण मणि दुवाडी और काठमांडू के तत्कालीन प्रमुख जिला अधिकारी छवि रिजाल के मामले में कानूनी कार्यवाही लागू करने के लिए संबंधित निकायों को पत्र भेजने का निर्णय लिया है।

मंत्रिपरिषद की बैठक में कार्की आयोग की सिफारिशों के आधार पर सुरक्षा निकायों से संबंधित विषयों की समीक्षा के लिए एक अध्ययन समिति गठन करने का भी निर्णय लिया गया।

सरकार के प्रवक्ता सस्मित पोखरेल ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों की भूमिका की जांच के लिए एक अलग समिति बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक नेताओं और अन्य से जुड़े मामलों में रिपोर्ट को तत्काल लागू किया जाएगा।

बैठक में 8 और 9 सितंबर 2025 के प्रदर्शनों के दौरान हुई घटनाओं की जांच करने वाले गौरी बहादुर कार्की के नेतृत्व वाले आयोग की रिपोर्ट को लागू करने का भी निर्णय लिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास