नाइजीरिया के जमफारा राज्य में हमला, 50 से अधिक लोगों की मौत; महिलाओं और बच्चों का अपहरण
मैदुगुरी, 22 फरवरी (हि.स.)। नाइजीरिया के उत्तर-पश्चिमी जमफारा राज्य में सशस्त्र हमलावरों ने एक गांव पर धावा बोलकर कम से कम 50 लोगों की हत्या कर दी और कई महिलाओं व बच्चों का अपहरण कर लिया।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बक्कुयुम दक्षिण क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले विधायक हामिसु ए. फारू के अनुसार हमलावरों ने गुरुवार शाम करीब पांच बजे तुंगन डुत्से गांव पर हमला शुरू किया, जो शुक्रवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे तक जारी रहा। इस दौरान हमलावरों ने कई मकानों को आग के हवाले कर दिया और भागने की कोशिश कर रहे ग्रामीणों पर गोलीबारी की।
फारू ने बताया कि हमलावर एक गांव से दूसरे गांव की ओर बढ़ते रहे और पीछे कम से कम 50 शव छोड़ गए। अपहृत लोगों की सटीक संख्या अभी स्पष्ट नहीं है। पारंपरिक नेता और स्थानीय प्रशासन लापता लोगों का पता लगाने में जुटे हैं।
तुंगन डुत्से के निवासी अब्दुल्लाही सानी (41) ने बताया कि इस हमले में उनके परिवार के तीन सदस्य मारे गए। उन्होंने कहा कि पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है। सानी के मुताबिक, एक दिन पहले ग्रामीणों ने 150 से अधिक मोटरसाइकिलों पर सवार हथियारबंद लोगों की गतिविधि देखी थी और सुरक्षा बलों को इसकी सूचना भी दी थी, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं हो सकी।
नाइजीरिया में बढ़ती असुरक्षा सरकार के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। हाल के वर्षों में ‘बैंडिट’ कहे जाने वाले सशस्त्र गिरोहों ने उत्तरी क्षेत्रों में लगातार हमले, फिरौती के लिए अपहरण और हिंसक वारदातों को अंजाम दिया है, जिससे हजारों लोग विस्थापित हुए हैं और व्यापक अस्थिरता पैदा हुई है।
सरकार पर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बहाल करने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का दबाव लगातार बढ़ रहा है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय