आशा भोंसले के दर्जनों नेपाली कालजयी गीत आज भी लोकप्रियता के शिखर पर

 




काठमांडू, 12 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय संगीत इतिहास की सबसे चर्चित और बहुमुखी गायिकाओं में से एक आशा भोसले नेपाली संगीत क्षेत्र के लिए भी उतनी ही महत्वपूर्ण रही हैं। मातृभाषा अलग होने के बावजूद उन्होंने कई नेपाली गीतों में अपनी आवाज़ दी है, जो आज की पीढ़ी के बीच भी उतनी ही लोकप्रिय हैं।

नेपाली फिल्म उद्योग में 80 और 90 के दौर में आशा भोसले का प्रभाव काफी मजबूत रहा। उन्होंने नेपाल के स्वर सम्राट कहे जाने वाले नारायण गोपाल, रंजीत गजमेर, शम्भुजीत बास्कोटा, कुसुम गजमेर, तुलसी घिमिरे, किरण खरेल और यादव खरेल जैसे प्रमुख हस्तियों के साथ भी काम किया है। इतना ही नहीं, भारतीय पार्श्व गायक कुमार सानू, उदित नारायण से लेकर शान और सोनू निगम तक के साथ उन्होंने नेपाली गीत गाए हैं, जो नेपाली फिल्म और संगीत के क्षेत्र में कालजयी माने जाते हैं।

आशा भोसले के साथ काम कर चुके नेपाल के प्रसिद्ध संगीतकार शंभुजीत भास्कोटा ने उनके प्रति श्रद्धांजलि प्रकट करते हुए नेपाली संगीत क्षेत्र में उनके विशिष्ट पहचान बनाने की बात कही है। बासकोटा ने कहा कि अपनी बहुमुखी आवाज़ और अद्भुत गायन शैली के कारण आशा भोंसले ने नेपाली संगीत प्रेमियों के बीच भी गहरी छाप छोड़ी है और उनकी गायकी का जादू आज की पीढ़ी के बीच भी लोकप्रिय है।

आशा भोसले ने विभिन्न दौर में नेपाली भाषा में कई दर्जन गीत गाए, जिनमें लोकधुन, आधुनिक संगीत और भावपूर्ण रचनाओं का सुंदर समावेश देखने को मिलता है। उनकी आवाज़ की मिठास और अभिव्यक्ति की गहराई ने नेपाली श्रोताओं को विशेष रूप से आकर्षित किया है। नेपाली संगीत क्षेत्र में उनके योगदान को सांस्कृतिक आदान-प्रदान का एक महत्वपूर्ण उदाहरण माना जाता है। भारत और नेपाल के बीच संगीत के माध्यम से जुड़ाव को मजबूत करने में उनका अहम योगदान रहा है।

उनके लोकप्रिय नेपाली गीतों में गैरी खेतको सिरै हानी, मोहनी लाग्ला है, आकाशैले उडाई दियो माया मेरो, “उकाली ओराली गर्दै”, “झिम झिम परेलीमा” और “चिसो चिसो हावामा” जैसे गीत शामिल हैं, जो आज भी श्रोताओं के बीच बेहद पसंद किए जाते हैं। इन गीतों में उनकी सुरीली आवाज़ और भावनात्मक प्रस्तुति ने उन्हें अमर बना दिया है।

नेपाली सांगीतिक क्षेत्र के विशेषज्ञों का मानना है कि आशा भोसले जैसी अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त गायिका का नेपाली संगीत में सक्रिय रहना इस क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उनके गीत आज भी रेडियो, टेलीविजन और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर समान रूप से लोकप्रिय हैं। समय के साथ बदलते संगीत ट्रेंड के बावजूद, आशा भोसले की आवाज और उनके गीतों का जादू नेपाली श्रोताओं के दिलों में आज भी कायम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास