अमेरिका, जापान, द.कोरिया ने कोरियाई प्रायद्वीप को परमाणु हथियारों से मुक्त बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई

 


मनीला, 22 जुलाई (हि.स.)। अमेरिका, जापान और दक्षिण कोरिया ने उत्तर कोरिया के खिलाफ़ अपने मज़बूत सुरक्षा रुख को दोहराते हुए कोरियाई प्रायद्वीप को परमाणु हथियारों से मुक्त बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई है। तीनों देशों के विदेश मंत्रियों ने फिलीपींस की राजधानी मनीला में आसियान से जुड़ी मंत्री-स्तरीय बैठकों के दौरान हुई त्रिपक्षीय वार्ता में यह संकल्प लिया।

दक्षिण कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी योनहाप ने विदेश मंत्रालय के हवाले से बताया कि विदेश मंत्री चो ह्यून, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी ने उत्तर कोरियाई नीति पर करीबी समन्वय बनाए रखने और कूटनीति के माध्यम से क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता कायम रखने पर सहमति जताई।

बैठक के दौरान मंत्रियों ने कोरियाई प्रायद्वीप की मौजूदा सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की और उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम के खिलाफ़ साझा रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्योंगयांग को वार्ता की मेज़ पर वापस लाने के लिए सहयोग और संवाद जारी रखा जाएगा।

तीनों देशों ने आर्थिक सुरक्षा के क्षेत्र में भी सहयोग बढ़ाने पर ज़ोर दिया। परमाणु ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, उभरती प्रौद्योगिकियां, आपूर्ति शृंखला को मज़बूत बनाने और आर्थिक दबाव का मिलकर सामना करने जैसे विषयों पर नीतिगत समन्वय बढ़ाने पर सहमति बनी।

बैठक में इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की सुरक्षा, समुद्री कानूनों के सम्मान, क्षेत्रीय स्थिरता और एकतरफा तरीके से यथास्थिति (स्टेटस-क्वो) बदलने के प्रयासों पर भी चर्चा हुई। तीनों देशों ने अंतरराष्ट्रीय कानून और समुद्री सुरक्षा को बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

बैठक में आपदा राहत, उन्नत तकनीक की सुरक्षा और नियमित त्रिपक्षीय संवाद जारी रखने पर भी सहमति बनी। इसके अलावा, तीनों देशों ने तीसरे देशों, विशेष रूप से इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में छोटे मॉड्यूलर परमाणु रिएक्टर की तैनाती को बढ़ावा देने के लिए सहयोग के ढांचे पर भी काम आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी