अमेरिका में बस हादसे की कवरेज के दाैरान हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, तीन की माैत
लॉस एंजिल्स, 16 सितंबर (हि.स.)। अमेरिका के लॉस एंजिल्स में मंगलवार शाम एनबीसी4 न्यूज का हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। हेलिकॉप्टर उस समय इलाके में हुई एक बस दुर्घटना की कवरेज कर रहा था। हादसे में फोटो जर्नलिस्ट एलियाना मोरेनो और पायलट जॉर्ज मार्सिनिव समेत तीन लोगों की मौत हो गई।
यह दुर्घटना लॉस एंजिल्स के सैन फर्नांडो वैली स्थित चैट्सवर्थ इलाके में एक सेल्फ-स्टोरेज सुविधा के पास हुई। लॉस एंजिल्स फायर डिपार्टमेंट (एलएएफडी) के अनुसार, हादसे की सूचना मंगलवार शाम करीब 7 बजे से कुछ समय पहले मिली। हेलिकॉप्टर उस समय इलाके में मौजूद था जब नॉर्डहॉफ स्ट्रीट पर एक लॉस एंजिल्स मेट्रो बस और एक यात्री वाहन के बीच भीषण टक्कर हुई थी।
फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक, बस हादसा शाम करीब 5:03 बजे हुआ, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हुए। बस हादसे की कवरेज के लिए कई न्यूज़ हेलिकॉप्टर और पत्रकार घटनास्थल पर मौजूद थे। इसी दौरान एनबीसी से जुड़े हेलिकॉप्टर से संपर्क टूट गया।
एनबीसी की एंकर कोलीन विलियम्स ने ऑन-एयर इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि स्टेशन को अपने न्यूज़ हेलिकॉप्टर में मौजूद लोगों से संपर्क खोने की जानकारी मिली थी। कुछ देर बाद स्टेशन को हेलिकॉप्टर के चैट्सवर्थ में दुर्घटनाग्रस्त होने की पुष्टि हुई।
एनबीसी लॉस एंजिल्स ने हेलिकॉप्टर में सवार दो लोगों की पहचान एलियाना मोरेनो और जॉर्ज मार्सिनिव के रूप में की है।
मोरेनो 'एंजेल सिटी एयर' की कर्मचारी थीं और एनबीसी तथा उसके स्पेनिश-भाषा वाले सिस्टर स्टेशन टेलीमुंडो 52 के लिए एरियल फोटो जर्नलिस्ट के तौर पर काम करती थीं। पायलट जॉर्ज मार्सिनिव भी दक्षिणी कैलिफोर्निया से थे और उन्होंने बरबैंक हाई स्कूल से पढ़ाई की थी।
एनबीसी4 और टेलीमुंडो 52 ने संयुक्त बयान जारी कर दोनों की मौत पर गहरा जताया और मृतकों के परिवार, दोस्तों और सहयोगियों के प्रति संवेदना व्यक्त की। एलएएफडी अधिकारियों ने बताया कि हेलिकॉप्टर क्रैश में कुल तीन लोगों की मौत हुई। इसमें से एक की माैत विमान की चपेट में आने से हुई है।
फायर बटालियन चीफ रिको ए. ग्रॉस ने बताया कि दो अन्य लोगों को अस्पताल ले जाया गया। उनकी स्थिति के बारे में तत्काल विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं थी। क्रैश के बाद हेलिकॉप्टर में आग लग गई, जो पास में खड़ी गाड़ियों तक फैल गई। आग बुझाने के लिए दमकलकर्मियों ने कार्रवाई की। घटनास्थल पर कई वाहन और स्टोरेज कंटेनर भी क्षतिग्रस्त हुए।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वह अपनी पत्नी एल्योना के साथ गाड़ी से जा रहे थे, तभी उन्होंने हेलिकॉप्टर को असामान्य रूप से कम ऊंचाई पर उड़ते देखा। उन्होंने बताया कि हेलिकॉप्टर धीरे-धीरे ऊंचाई खो रहा था। कुछ ही देर बाद उन्होंने उसे आग की लपटों में घिरते हुए देखा और घटनास्थल के पास रुक गए। बताया कि उन्होंने मलबे के पास एक व्यक्ति को गिरा हुआ देखा, जबकि कुछ अन्य लोग घबराकर चिल्ला रहे थे।
हेलिकॉप्टर दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों के मुताबिक, नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (एनटीएसबी) और फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) हादसे की जांच करेंगे।
गाैरतलब है कि हेलिकॉप्टर का संचालन एंजल सिटी एयर कर रही थी। कंपनी खुद को एक फुल-सर्विस एरियल प्रोडक्शन कंपनी बताती है।
लॉस एंजिल्स की मेयर करेन बास ने घटनास्थल के पास मंगलवार रात पत्रकारों से बात करते हुए इस दिन को शहर के लिए बेहद दुखद बताया। उन्होंने बस हादसे और हेलिकॉप्टर क्रैश में जान गंवाने वाले सभी लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और बचावकर्मियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। वहीं, कैलिफोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूसम ने भी हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए बचावकर्मियों का धन्यवाद किया और पीड़ितों, उनके परिवारों तथा एनबीसी4 टीम के प्रति संवेदना जताई।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी