(लीड) अफगानिस्तान में पाकिस्तानी हवाई हमलों में आम नागरिक हताहत : तालिबान

 


काबुल, 29 जून (हि.स./ रिया नोवोस्ती) अफ़गानिस्तान की तालिबान सरकार ने आरोप लगाया है कि रविवार की रात पाकिस्तान ने उसके पक्तिका, पाकतिया और कुनार प्रांतों में जो हवाई हमले किये हैं उनमें महिलाओं एवं बच्चों सहित बड़ी संख्या में आम नागरिक हताहत हुए हैं।

तालिबान के सर्वोच्च नेता के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तान की वायु सेना ने 28 जून की रात अफ़गानिस्तान के पक्तिका, पकतिया और कुनार प्रांतों में हवाई हमले किए, जिनमें महिलाओं और बच्चों समेत कई आम नागरिक मारे गए और घायल हुए।

मुजाहिद ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि पक्तिका के गयान जिले, पकतिया के समकाणी जिले और कुनार के मनोगई जिले में नागरिक आबादी वाले क्षेत्रों को निशाना बनाया गया। उन्होंने इन हमलों को कायरतापूर्ण आक्रामक कार्रवाई बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की।

उन्होंने यह भी दावा किया कि 8 जून को भी पाकिस्तान की वायु सेना ने कुनार, खोस्त और पक्तिका प्रांतों में नागरिक घरों पर बमबारी की थी, जिसमें 11 बच्चों समेत 13 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 14 महिलाएं और बच्चे घायल हुए थे।

वहीं, पाकिस्तान की ओर से अलग दावा किया गया है। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने कहा कि सुरक्षा बलों ने पाकिस्तान-अफ़गानिस्तान सीमा पर एक सुनियोजित ज़मीनी अभियान चलाया, जिसके बाद सीमावर्ती क्षेत्र में मौजूद आतंकवादी ठिकानों पर लक्षित कार्रवाई की गई।

फिलहाल, सीमा पार सुरक्षा अभियानों और हवाई हमलों को लेकर अफ़गानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव लगातार बना हुआ है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी